मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के कांच का पुल गली नंबर आठ में इनवर्टर का तार लगाते समय फुरकान(40) की मौत हो गई। सूचना पर लिसाड़ी गेट पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी की। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।
पावरलूम फैक्टरी में काम करने वाला फुरकान बृहस्पतिवार शाम को घर पर इनवर्टर का तार लगा रहा था। इसी दौरान तेज चिंगारी निकली और करंट की चपेट में आने से फुरकान की मौत हो गई। परिजन आनन-फानन में उसे हापुड़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में पीड़ित को लेकर पहुंचे। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। फरकान के पांच बच्चे है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है।-