संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। कस्बे के मोहल्ला ऊंचापुर में चार्जिंग पर लगा मोबाइल चोरी होने के बाद उसे वापस मांगने पर युवक को पीटने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने तीन युवकों पर घर में घुसकर मारपीट और अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला ऊंचापुर निवासी साहिल अली पुत्र इरशाद अली ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार को उसका मोबाइल फोन घर में चार्जिंग पर लगा हुआ था, जो चोरी हो गया। सोमवार को उसने मोहल्ले के तीन युवकों से मोबाइल के संबंध में पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज दिखाने की बात कही। आरोप है कि युवकों ने कुछ देर में मोबाइल लौटाने का आश्वासन दिया।
पीड़ित का आरोप है कि कुछ समय बाद तीनों युवक उसके घर पहुंचे और घर में घुसकर उसकी पिटाई कर दी। शोर सुनकर परिजन बीच-बचाव के लिए आए तो आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्रता की। हंगामा बढ़ने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गए। घटना में घायल साहिल अली ने थाने में तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।