संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। भावनपुर थाना क्षेत्र के लू-बक्सर गांव में शनिवार देर शाम एक युवक के घर में घुसकर मारपीट और पथराव किया गया। इस घटना में युवक जोनी घायल हो गया। विवाद ट्रैक्टर-ट्रॉली को साइड न देने को लेकर शुरू हुआ था।
जोनी अपने गांव लू-बक्सर जा रहा था और ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार था। गांव के समीप कोल्हू पर पहुंचने पर पीछे से आ रही थार कार सवारों से साइड न देने को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद आमिर, नूर हसन, वसीम, नफीस और टीटला ने जोनी के घर में घुसकर उस पर लोहे के पाइप और लाठी-डंडों से हमला किया। उन्होंने पथराव भी किया, जिससे जोनी घायल हो गया। जोनी ने मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल किया है।
सूचना मिलने पर भावनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल जोनी को उपचार के लिए भेजा। सीओ सदर देहात सुधीर सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस इस मामले में वैधानिक कार्रवाई कर रही है। गांव में इस घटना को लेकर काफी रोष है।
-