- 28 दिन बाद पुलिस ने तीन आरोपियों पर की प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मेडिकल थाना क्षेत्र में राहुल ने तीन आरोपियों पर मारपीट, जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने एक भाजपा नेता का फोटो दिखाकर व नाम लेकर मारपीट की थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग गए थे। पीड़ित प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए लगातार थाने के चक्कर काट रहा था। पुलिस ने 28 दिन बाद प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सराय काजी स्थित वैष्णो धाम कॉलोनी निवासी राहुल ने सोमवार को थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि 23 जून की रात करीब नौ बजे वह अपने बड़े भाई के जागृति विहार एक्सटेंशन स्थित घर गया था। वहां से सामान लेने के लिए पास की परचून की दुकान पर पहुंचा। दुकान पर पहले से मौजूद अंकित शर्मा, अंकुश और सचिन नशे में थे। उन्होंने मोबाइल में एक मंत्री का फोटो दिखाकर पीड़ित से पहचान पूछी। पीड़ित ने बताया कि यह फोटो मंत्री का है। इसके बाद आरोपियों ने उसका मोबाइल छीन लिया और वीडियो बनानी शुरू कर दी। साथ ही उस पर मंत्री के खिलाफ अपशब्द कहने का झूठा आरोप लगाते हुए जातिसूचक कहे।
आरोप है कि आरोपियों ने लाठी-डंडों, बेल्ट और लोहे के कड़े से उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसे गंभीर चोट आई थी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे थे। आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी।एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।