- कदम पब्लिक स्कूल में हुए वेद प्रचार कार्यक्रम में भजनों की प्रस्तुति ने मन मोहा
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। आर्य समाज थापरनगर के वेद प्रचार कार्यक्रम के दूसरे दिन कदम पब्लिक स्कूल में कार्यक्रम हुआ। इसका शुभारंभ आचार्य सत्य प्रकाश शास्त्री के ब्रह्मत्व में देवयज्ञ के साथ हुआ। विद्यालय के प्रबंध निदेशक संजीव चौधरी और प्रधानाचार्य पारुल चौधरी यजमान रहीं। इस दौरान भजनों की प्रस्तुति ने सबका मन मोह लिया।
संयोजन करते हुए राजेश सेठी ने कहा कि विद्यालयों में ऐसे आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को वैदिक संस्कृति के उत्तम संस्कारों से अवगत कराना है। उन्होंने चिंता जताई कि मानसिक दासता के कारण हम पाश्चात्य संस्कृति का अंधानुकरण कर दिग्भ्रमित हो रहे हैं। वैदिक संस्कृति विश्व की सर्वश्रेष्ठ संस्कृति है। भजन उपदेशक पंडित दिनेश पथिक ने मधुर भजनों से विद्यार्थियों को प्रेरित किया। उनके भजन तेरे खेल निराले भगवान, तेरे खेल निराले ने... सभी को भावविभोर कर दिया।
युवा आर्य विद्वान आचार्य डॉ. योगेंद्र याज्ञिक ने विद्यार्थियों को अच्छा इंसान बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए बुद्धिपूर्वक प्रयास और लगन आवश्यक है। समय या साधनों की कमी को बहाना नहीं बनाना चाहिए। उन्होंने दुर्व्यसनों से बचने और मन को पवित्र रखने का आह्वान किया।
द्वितीय सत्र में नारी शक्ति सम्मेलन का आयोजन हुआ। इसमें महिला उपदेशिका डॉ. आयुषी राणा ने नारी शक्ति को वैदिक परंपराओं का संवाहक बताया। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति को परमात्मा प्रदत्त विशिष्ट गुणों से विभूषित माना गया है। नारी धैर्य में पृथ्वी और गंभीरता में सागर के समान होती है।
उन्होंने महर्षि दयानंद सरस्वती के योगदान की चर्चा करते हुए कहा कि उन्होंने नारी की गरिमा को समाज में पुनर्स्थापित किया। आचार्य योगेंद्र याज्ञिक ने भी नारी का महत्व बताया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने प्रेरक योग साधना का प्रदर्शन किया। संजीव चौधरी ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर आचार्य धर्मपाल शास्त्री, मनीष शर्मा, प्रीति सेठी, आनंद प्रकाश त्यागी, अशोक सुधाकर, कृष्ण कुमार वर्मा, विद्या सागर, सुभाष मल्होत्रा, डॉ. आरपी सिंह चौधरी, कमलेश चांदना रहीं।