मेरठ के परतापुर में शताब्दी नगर सेक्टर-1 में अपनी सहेली से मिलने आई युवती से मोबाइल लूटकर भाग रहे बाइक सवार बदमाश को दोनों युवतियों ने साहस का परिचय देते हुए पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी और उससे छीना गया मोबाइल भी बरामद कर लिया।
परतापुर थाना क्षेत्र के रिझानी गांव की रहने वाली दीपा यादव रविवार को अपनी सहेली भाजपा नेत्री आरती सागर के आवास पर मिलने के लिए गई थी। इसके बाद वह सहेली के साथ वापस लौट रही थी। पंचवटी रोड के पास पीछे से बाइक पर आए एक बदमाश ने दीपा का मोबाइल छीन लिया।
उस समय वह फोन पर अपनी मां से बात कर रही थी। छीना झपटी के दौरान बदमाश की बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह कुछ दूरी पर अपनी बाइक के समेत गिर गया, जिसके बाद दोनों युवतियों ने बदमाश को पकड़ लिया। जिसकी जमकर धुनाई की और बदमाश द्वारा लूटा गया फोन भी उसके कब्जे से बरामद कर लिया।
धुनाई करने के बाद भाजपा नेत्री आरती सागर ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इस दौरान बदमाश अपनी बाइक मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की बाइक अपने कब्जे में लेकर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पीड़िता ने थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है।