किठौर। किठौर-मवाना मार्ग पर राधना में नवल मोड़ के पास ऑटो सवार युवक अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गिर गया। गंगा स्नान कर लौट रही श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्राली से कुचला गया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी वाहन चालकों की तलाश में घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले, लेकिन सफलता नहीं मिली।
गांव राधना निवासी अनवर (37) पुत्र आस मोहम्मद ऑॅटो चलाकर परिवार का पालन पोषण करता था। शुक्रवार शाम वह साथी चालक के ऑटो में पीछे बैठकर परीक्षितगढ़ से गांव लौट रहा था। राधना में नवल मोड़ पुलिया पर पीछे से आए अज्ञात वाहन की चपेट में आकर अनवर सड़क पर गिर पड़ा। बताया जाता है कि इससे पहले कि अनवर संभल पाता, पीछे से तेजगति से आई गंगा स्नान के श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्राली उसके ऊपर चढ़ गई। हादसे में अनवर का एक पैर व बाजू कट गई। आनन-फानन में उसे मेरठ अस्पताल ले गए। जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि अनवर की पत्नी सलमा, तीन बेटे व दो बेटियां हैं। बेटे की मौत पर पिता आस मोहम्मद और भाई-बहनों का रोकर बुरा हाल है।