यूजी के 23 कोर्सों में ले सकते हैं एडमिशन
मेरठ। मेरठ-सहारनपुर मंडल में शनिवार को यूपी बोर्ड 12वीं में 1,81,557 छात्र-छात्राएं पास हुए हैं। छात्र-छात्राएं सीसीएसयू कैंपस और कॉलेजों में 23 कोर्सों में एडमिशन ले सकते हैं। छात्र-छात्राएं डिजिटल अंक पत्र आने के बाद रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। सीसीएसयू के कॉलेजों में ही एक लाख 60 हजार सीटें हैं इनमें इंजीनियरिंग और मेडिकल की सीटें शामिल नहीं हैं।
सीसीएसयू से संबद्ध मेरठ और सहारनपुर मंडल के नौ जिलों में एडेड-राजकीय और सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में बीए, बीएससी, बीकॉम, बीएससी एजी में 1,42,851 सीटें हैं। इनमें बीए में एडेड-राजकीय कॉलेजों में 22 हजार और सेल्फ फाइनेंस में 54 हजार से ज्यादा, बीकॉम में एडेड-राजकीय कॉलेजों में 4600 और सेल्फ फाइनेंस में 22000 से ज्यादा सीटें हैं। बीएससी बायो-मैथ-स्टेटिक्स में एडेड-राजकीय कॉलेजों में 9463 और सेल्फ फाइनेंस में 20 हजार से ज्यादा सीटें हैं। बीएससी एजी में एडेड और सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में 2840 सीटें हैं। इसके अलावा दूसरे सेल्फ फाइनेंस कोर्सों में करीब 20 हजार सीटें हैं।
इन कोर्सों में ले सकते हैं एडमिशन
अगर आप ऑनर्स कोर्स करना चाहते हैं तो सीसीएसयू कैंपस में कई कोर्स चल रहे हैं। इनमें बीए ऑनर्स हिंदी, बीकॉम ऑनर्स, बीएससी कंप्यूटर साइंस ऑॅनर्स, बीएससी केमेस्ट्री ऑनर्स, बीए-इकोनॉमिक्स ऑनर्स शामिल हैं। कॉलेजों में दूसरे सेल्फ फाइनेंस के कोर्स चल रहे हैं। इनमें पांच वर्षीय बीए-एलएलबी और बीकॉम-एलएलबी में छह हजार से ज्यादा सीटें हैं। इसके अलावा बीबीए, बीसीए, बीए-बीएड, बीएलएड, बीएफए, बीजेएमसी, बीएमएलटी, बीपीटी, बीएससी ओप्टोमेट्री, बीएससी होम साइंस क्लीनिकल न्यूट्रिशियन, बीएससी ज्वैलरी डिजाइन, बीएससी बायोटेक्नोलॉजी, बीवॉक, बीएससी होम साइंस कोर्सों में एडमिशन ले सकते हैं।
लड़कियों को मिलेगा एडेड-राजकीय में एडमिशन का खूब मौका
अकेले मेरठ जिले की बात करें तो यूपी बोर्ड में 34,544 छात्र-छात्राएं पास हुए हैं। अभी सीबीएसई, आईसीएसई बोर्ड के रिजल्ट आना बाकी है। कुल मिलाकर ये संख्या 50 हजार को पार कर जाएगी। इनमें 15 हजार के करीब छात्र-छात्राएं मेडिकल, इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, लॉ और दूसरे अन्य कोर्सों में चले जाते हैं। ऐसे में 20 हजार के करीब ही बीए-बीएससी-बीकॉम में एडमिशन लेते हैं। यहां पर एडेड-राजकीय कॉलेजों में 11 हजार के करीब सीटें हैं। इनमें 50 फीसदी सीटें यूपी बोर्ड और 50 अन्य बोर्ड के लिए रिजर्व हैं लेकिन दूसरे बोर्ड के अधिकतर छात्र दूसरे कोर्स करते हैं। ऐसे में लड़कियों को इन कॉलेजों में अधिक एडमिशन मिलेगा।
कोएड कॉलेज -- सीटें
मेरठ कॉलेज - बीए-बीएससी-बीकॉम - 2400
एनएएस - बीए, बीएससी सेल्फ फाइनेंस - 1070
डीएन कॉलेज - बीकॉम-बीएससी- 1040
संजय गांधी पीजी कॉलेज सरूरपुर - बीए-बीएससी-बीकॉम - 620
एएस पीजी कॉलेज मवाना - बीकॉम-बीएससी - 240
कृषक पीजी कॉलेज मवाना - बीए - 400
चौ. शिवनाथ सिंह शांडिल्य कॉलेज माछरा - बीए-बीएससी - 560
श्री शालीग्राम शर्मा स्मारक कॉलेज रासना - बीए-बीए होम साइंस - 280
आठ कोएड कॉलेज में कुल सीटें -- 6610
गर्ल्स कॉलेज -सीटें
आरजी कॉलेज - बीए-बीएससी-बीकॉम सेल्फ फाइनेंस - 1360
इस्माईल कॉलेज - बीए-बीएससी-बीकॉम सेल्फ फाइनेंस - 880
कनोहर लाल कॉलेज - बी-बीकॉम सेल्फ फाइनेंस - 560
शहीद मंगल पांडे गर्ल्स कॉलेज -बीए-बीएससी-बीकॉम - 540
राजकीय गर्ल्स डिग्री कॉलेज खरखौदा - बीए-बीकॉम-बीएससी - 480
सेंट जोजफ गर्ल्स कॉलेज सरधना - बीए-बीए ड्राइंग - 320
छह गर्ल्स कॉलेजों में कुल सीटें --- 4140