मेरठ। केंद्र सरकार की प्राथमिकता में शामिल रैपिड रेल और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे प्रॉजेक्ट का निर्माण तेजी से चल रहा है। दुहाई से शताब्दीनगर तक दूसरे चरण के कार्य अगले सप्ताह से चालू करने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। वहीं, एक्सप्रेसवे पर मिट्टी लेवलिंग का कार्य बहादरपुर अंडरपास तक पूरा कर लिया है।
शताब्दीनगर में एनसीआरटीसी की तरफ से सामान रखने के लिए कास्टिंग यार्ड बनाया गया है। इसके लिए आरसीसी की सड़क का निर्माण शुरू कर दिया है। वहीं, दुहाई से शताब्दीनगर तक एलएंडटी को दिए सिविल कार्य के लिए मशीनें पहुंचनी शुरू हो गई हैं। इसके बाद दूसरे चरण में कार्य शुरू हो सकेगा। अगले एक-दो दिन में एलएंडटी और एनसीआरटीसी के प्रतिनिधि दौरा कर तैयारियों का जायजा लेंगे। इसके बाद ही इस चरण में कार्य करने की अनुमति दी जाएगी। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुधीर शर्मा के अनुसार जुलाई के प्रथम सप्ताह में दुहाई से शताब्दीनगर तक बेरिकेडिंग कर पाइलिंग की शुरुआत कर दी जाएगी।
टोल प्लाजा से परतापुर रेलवे लाइन तक लेवलिंग पूरी
मानसून से पहले जीआर इंफ्रा मुख्य पॉइंट्स पर मिट्टी लेवलिंग करने में जुटा है। अच्छरोंडा टोल प्लाजा से बहादरपुर अंडरपास और परतापुर रेलवे लाइन तक मिट्टी लेवलिंग का कार्य पूरा किया जा चुका है। अब सड़क बनाने से पहले रोड़ी का कार्य शुरू कर दिया है।