इस साल मेरठ के चारों ओर हाईवे का जाल बिछ गया है। सड़कों को छह लेन व हाईवे के रूप में काम काफी हद तक पूरा हो गया है। इन हाईवे के जुड़ने से अब हापुड़, गढ़, मवाना-बिजनौर आदि जाना आसान होने लगा है। अब इन्हें जोड़ने के लिए आउटर रिंग रोड भी आकार ले रही है। ऐसे में जल्द ही शहर के भीतर से होकर जाने की मजबूरी नहीं होगी। बाहर से बाहर ही लोग दूसरे स्थानों पर पहुंच सकेंगे।
इसके तहत एनएच-235, एनएच-58, एनएच-119, एनएच-709 ए और दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे को जोड़ा जा रहा है। इसमें खर्चा 992 करोड़ रुपये आंका गया है। मेरठ-हापुड़, मेरठ-गढ़ और मेरठ-मवाना रोड चौड़ी हो गई हैं। गढ़ मुक्तेश्वर से मेरठ आने वाले एनएच-709ए पर तेजी से काम चल रहा है। इसके तहत गढ़ रोड पर सिसौली के पास इंटरचेंज पर भी काम हो रहा है। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे बन जाने से अब दिल्ली जाना आसान हो गया है।