मेरठ के परतापुर उद्योग पुरम स्थित जीबी स्पोर्ट्स कंपनी के कर्मचारियों ने दीपावली बोनस में कटौती से नाराज होकर शनिवार सुबह फैक्टरी गेट पर हंगामा कर दिया। करीब दो सौ से अधिक कर्मचारियों ने बोनस देने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया।
कर्मचारियों का आरोप है कि हर साल दीपावली पर फैक्टरी की ओर से 20 प्रतिशत बोनस दिया जाता था, लेकिन इस बार फैक्टरी मालिक ने बोनस घटाकर केवल आठ प्रतिशत कर दिया। जब कर्मचारियों ने इसका विरोध किया तो मालिक ने किसी भी प्रकार का बोनस देने से इनकार कर दिया।
यह भी पढ़ें: भीषण जाम से त्रस्त मेरठ: दीपावली पर खरीदारी तो कहीं घर जाने की मारामारी, आज से बेगमपुल पर रूट डायवर्जन लागू
कर्मचारी मोहित और मोनू कुमार ने बताया कि बोनस बढ़ाने की मांग करने पर फैक्टरी मालिक राजीव खटोला उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी दे रहा है। कुछ दिन पहले पुलिसकर्मी भी फैक्टरी पहुंचे थे और कर्मचारियों को विरोध करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी थी।
कर्मचारियों का आरोप है कि मालिक द्वारा भेजे गए कुछ अज्ञात युवकों ने भी उन्हें धमकाया। शनिवार को धरने के दौरान कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि जब तक दीपावली बोनस नहीं दिया जाता, वे फैक्टरी गेट पर प्रदर्शन जारी रखेंगे।