भट्ठे पर मजदूर बंधक बनाए, एसडीएम से शिकायत
फलावदा। क्षेत्र के एक ईंट भट्ठे पर मजदूरों को बंधक बनाकर कार्य कराया जा रहा है। इस मामले में बंधक बनाए गए मजदूर ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर परिवार को बंधन मुक्त कराने की मांग की है।
थाना खतौली के गांव अंती निवासी संजू पुत्र बेदी ने राष्ट्रीय मानव अधिकार व मुख्यमंत्री आदित्यनाथ सहित एसडीएम मवाना को शिकायती पत्र दिया है। जिसमें कहा है कि थाना क्षेत्र के एक ईंट भट्ठे पर 3 दिसंबर को ठेकेदार 650 प्रति हजार ईंट पाथने के लिए कई परिवारों को मजदूरी पर लाए थे। संजू का आरोप है कि ठेकेदार ने न तो मजदूरी के रुपये दिए और न ही उन्हें घर जाने दे रहे हैं। अब उनके पास खर्च के लिए रुपये भी खत्म हो गए हैं तथा खाने के भी लाले पड़ गए हैं।
उप जिलाधिकारी से शिकायत करते हुए संजू ने कहा कि वह भट्ठे पर मजदूरी नहीं करना चाहते और अपने घरों को जाना चाहते हैं। भट्ठे पर उनकी महिलाओं की आबरू भी सुरक्षित नहीं है। भट्ठा संचालक से उनकी मजदूरी के रुपये दिलाकर संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। एसडीएम ने थाना पुलिस को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के आदेश दिए हैं।