नजीबाबाद-बड़िया क्षेत्र में पुल एप्रोच को बचाने के लिए भरे जा रहे कट्टे। स्रोत- ग्रामीण
नजीबाबाद। प्रशासन ने बड़िया-जट्टीवाला मार्ग पर बने पुल की एप्रोच का बचाने का कार्य शुरू कराया है। मंगलवार को मिट्टी के कट्टे एप्रोच क्षेत्र में लगाए गए।
बड़िया-जट्टीवाला मार्ग पर सिखों ने कार सेवा से कई दशक पूर्व मालन नदी पर पुल बनाया था। मालन नदी में हर साल उफान आता है, जो पुल की बड़िया दिशा की एप्रोच को नुकसान पहुंचाता है। हाल ही मालन नदी में पानी आने से एप्रोच को भारी नुकसान पहुंचा।
क्षेत्रवासियों पूर्व प्रधान साहब सिंह, शीशा सिंह, गुरदयाल सिंह, जसपाल सिंह, गुरमुख सिंह, मनजिंदर सिंह, बलविंदर सिंह ने प्रशासन के समक्ष एप्रोच के क्षतिग्रस्त होने का मुद्दा उठाया था। उनका कहना था कि पुल एप्रोच को समय रहते नहीं बचाया गया तो बरसात में कई गांवों का संपर्क टूट जाएगा।
नायब तहसीलदार अमित कुमार ने बड़िया क्षेत्र में पहुुंचकर पुल एप्रोच का निरीक्षण किया। मंगलवार को प्रशासन ने पुल एप्रोच को मालन नदी के कटान से बचाने के लिए मिट्टी से भरे कट्टों से तटबंध बनाने का कार्य शुरू कराया। एप्रोच बचाव कार्य सिंचाई खंड अफजलखंड की ओर से कराया जा रहा है।