मेरठ। देहली गेट थाना क्षेत्र के घंटाघर में रविवार को दिनदहाड़े देवबंद के ज्वेलर्स अनिल गुप्ता के बैग से ई-रिक्शा सवार दो महिलाओं ने 12 लाख रुपये उड़ा दिए। घटना उस समय हुई जब वह अपने साथी हरिओम के साथ ई-रिक्शा में सवार होकर सर्राफा बाजार जा रहे थे। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर व्यापारी व पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित ने ई-रिक्शा चालक व दो महिलाओं पर पैसे चोरी का आरोप लगाया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
सहारनपुर जनपद के कसबा देवबंद निवासी सराफ अनिल गुप्ता ने बताया कि उनकी दुकान देवबंद के मुख्य बाजार में न्यू गुप्ता ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। वह अक्सर जेवर खरीदने के लिए मेरठ के सर्राफा बाजार आते है। रविवार को भी वह करीब साढ़े 11 बजे अपनी कार से घंटाघर स्थित टाउन हॉल पार्किंग पहुंचे। कार खड़ी करने के बाद वह अपने साथी हरिओम के साथ सर्राफा बाजार जाने के लिए बाहर से ई-रिक्शा में बैठ गए। ई-रिक्शा चालक ने रास्ते में दो महिलाओं और एक बच्चे को भी बैठा लिया। व्यापारी के पास एक बैग था, जिसमें 12 लाख रुपये थैली में रखे हुए थे। ये रकम उन्हें सर्राफा बाजार में एक अन्य दुकानदार को देनी थी। पीड़ित ने सर्राफा बाजार पहुंचकर एक दुकान पर सामान निकालने के लिए बैग खोला, तो उसे बैग की चेन खुली मिली और अंदर रखी नकदी गायब थी। इसके बाद उसे एहसास हुआ कि रास्ते में ही उसके साथ चोरी हुई है। उसने तुरंत आसपास के व्यापारियों को जानकारी दी और ई-रिक्शा चालक की तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
पीड़ित का आरोप है कि दोनों महिलाएं और ई-रिक्शा चालक आपस में मिले हुए थे और उन्होंने सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया। बुलियन ट्रेडर्स के महामंत्री विजय आनंद अग्रवाल ने पुलिस से जल्द मामले के खुलासे की मांग की है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मामले के खुलासे के लिए दो टीम लगा दी गई है।
-