संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नगर पालिका ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर स्वच्छ भारत मिशन के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। महिला सफाई मित्रों को वर्दी वितरित की गई, जिसमें अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला और चेयरपर्सन के पति निजाम अंसारी ने मुख्य रूप से भाग लिया।
अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन नगरीय के अंतर्गत महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि मिशन के तहत 13 हजार से अधिक महिला नेतृत्व वाले स्वयं सहायता समूह विभिन्न स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। इससे न केवल महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित हो रही है, बल्कि उनके आजीविका के अवसर भी मजबूत हो रहे हैं।
कार्यक्रम में नगर पालिका की सभी महिला सदस्य, स्वच्छ भारत मिशन ब्रांड एंबेसडर, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि और अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे। नगर पालिका ने इस कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छ भारत मिशन को सफल बनाने के लिए अपने प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया। इस मौके पर सभासद खालिद अंसारी, शाहिद मलिक, विपिन शर्मा, मनोज कुमार, सोहनवीर सिंह, अमित पार्चा, बृजपाल सिंह, कमल कुमार रहे।