मेरठ। दिल्ली रोड पर टेलीफोन एक्सचेंज के सामने बृहस्पतिवार शाम दूध के टैंकर ने बाइक पर सवार महिला को कुचल दिया। महिला की मौके पर मौत हो गई जबकि बाइक चला रहा युवक और साथ में मौजूद बच्ची घायल हो गई, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार शिवपुरम मोहकमपुर निवासी नीलम (32) पत्नी अशोक कुमार स्वास्थ्य विभाग में आशा कार्यकत्री थीं। तीन दिन पूर्व नीलम ने जिला महिला अस्पताल में पड़ोसी जयवीर की पत्नी की डिलीवरी कराई थी। बृहस्पतिवार शाम जयवीर दवा लेने अस्पताल आया था। इस दौरान उसकी भतीजी मानसी (8) भी साथ रही। जयवीर नीलम को बाइक से घर लेकर आ रहा था। दिल्ली रोड पर इरा मॉल के पास टेलीफोन एक्सचेंज के सामने तेज रफ्तार दूध के कैंटर ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही नीलम सड़क पर गिर गई और कैंटर का पहिया उन्हें कुचलते हुए निकल गया। नीलम की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर नीलम के पति अशोक व परिवार के अन्य लोग रोते-बिलखते अस्पताल पहुंच गए। तब तक आरोपी कैंटर चालक भी दबोचा जा चुका था। इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी रघुराज सिंह ने बताया कि कैंटर चालक को हिरासत में लिया गया है। कार्रवाई की जा रही है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।