जानीखुर्द। जानी खुर्द निवासी महिला ने ग्राम प्रधान के खोए हुए 15 हजार रुपये और दो लाख रुपये का चेक लौटाकर ईमानदारी की मिसाल पेश की। महिला की इस ईमानदारी की क्षेत्र में चर्चा है।
गत शनिवार जानी ब्लॉक के गांव भवीं के ग्राम प्रधान योगेंद्र शर्मा किसी काम से जानी खुर्द आए थे। इस दौरान जेब से उनका पर्स जानी बस स्टैंड पर गिर गया। पर्स में 15 हजार रुपये नकद, दो लाख रुपये का चेक, कीमती कागज थे। पर्स गिरने की घटना का पता योगेंद्र शर्मा को घर जाने पर चला। उन्होंने पर्स की काफी तलाश की। उधर, जानी बस स्टैंड पर रहने वाली महिला बृजेश मुंडे पत्नी सुंदर लाल की नजर योगेंद्र शर्मा के गिरे पर्स पर गई। वह पर्स उठाकर घर ले आई। बृजेश ने पर्स मिलने की बात पति को बताई। पर्स में मिले पैसे और कागजों में कही भी योगेंद्र शर्मा का पता नहीं लिखा था। पर्स मिलने की बात दंपती ने अपने पड़ोसियों व अन्य लोगों को बताई लेकिन सभी ने पर्स की जानकारी से इन्कार किया। दंपती ने पर्स में मिली योगेंद्र की फोटो को ग्रामीणों को दिखाया। उनकी मेहनत रंग लाई। बुधवार शाम को उन्हें पता चला कि फोटो भवीं के ग्राम प्रधान योगेंद्र शर्मा का है। उन्होंने ग्राम प्रधान का मोबाइल नंबर किसी से लेकर पर्स मिलने की जानकारी दी। इसके बाद उनके घर पहुंचे ग्राम प्रधान योगेंद्र को बृजेश ने पैसे और कागज सौंप दिए। वहीं महिला की इस ईमानदारी की बृहस्पतिवार को पूरे क्षेत्र में चर्चा रही।