सरूरपुर। सरधना-बिनौली रोड पर गन्नों से लदे ओवरलोड ट्रक लोगों के लिए आफत बन रहे हैं। इनके चलते आए दिन हादसे से हो रहे हैं। बावजूद इसके प्रशासन इनके खिलाफ कोई कार्रवाई करने के लिए तैयार नहीं है।
बृहस्पतिवार को गांव डाहर स्थित गन्ना क्रय केंद्र से किनौनी शुगर मिल के लिए गन्ने लादकर चला ओवरलोड ट्रक अचानक सरूरपुर थाने के सामने पेड़ से टकरा गया। इस कारण पेड़ की टहनियां टूट कर नीचे गिर गई। साथ ही बड़ी संख्या में ट्रक में लदे गन्ने नीचे गिर गए। राहगीर सोहनवीर, धर्म सिंह, अबरार, आसिफ आदि ने बताया कि सड़कों पर दौड़ रहे ओवरलोड गन्ना लदे ट्रक राहगीरों के लिए आफत बन रहे हैं। जो आए दिन किसी न किसी हादसे का कारण बन रहे हैं। पुलिस प्रशासन इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। उन्होंने मांग की है कि गन्ने के ओवरलोड ट्रकों पर प्रशासन कार्रवाई करे।