शुक्रवार सुबह ममतेश के नहीं जागने पर दोनों बच्चों ने स्कूल भेजने के लिए मां को उठाने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिलने पर वे रोने लगे। उनकी आवाज सुनकर पड़ोस के लोग पहुंचे तो ममतेश बेड पर मृत अवस्था में पड़ी थी।
सूचना पर दौराला पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंच गई। ससुर श्रीपाल और सास कमला भी पहुंच गए। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। लोगों ने बताया कि पति दीपक आधी रात से ही फरार है। आशंका है कि ममतेश को मारने के बाद वह फरार हो गया। उसका मोबाइल भी घर से ही बरामद हुआ है।
महिला संगीत में शामिल होने गई थी ममतेश
बृहस्पतिवार रात ममतेश पास में ही डेयरी कॉलोनी में रहने वाले रिश्तेदार के घर पर महिला संगीत में शामिल होने गई थी। रात में लौटने पर वह परिवार के साथ खाना खाकर सो गई। बच्चे भी सो गए। दोनों बच्चों ने बताया कि उनकी आंख सुबह खुली तो मम्मी बात नहीं कर रही थी।
मम्मा उठ जाओ, हमारे लिए नाश्ता कौन बनाएगा
ममतेश की मौत के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। वे रोते हुए यही कहते रहे कि मम्मा उठ जाओ, हमारे लिए नाश्ता कौन बनाएगा। हम आपके बिना कैसे रहेंगे।
यह भी पढ़ें: टूट गईं रिश्तों की डोर: तड़पती रही तमन्ना, वीडियो बनाते रहे लोग, खून-खराबे में बदलीं निकाह की खुशियां
चार दिन पहले पति-पत्नी में हुआ था झगड़ा
पुलिस के मुताबिक, पड़ोसियों ने जानकारी दी है कि चार दिन पहले पति-पत्नी में झगड़ा हुआ था। घर के बाहर तक आवाजें आ रही थीं। लोगों ने बताया कि दीपक शराब पीता था, ममतेश इसका विरोध करती थी। इसके चलते उनका अक्सर झगड़ा होता था। ममतेश के पिता राजवीर ने आरोप लगाया कि दीपक ने उनकी बेटी की हत्या की है, वे उसे सजा दिलाकर रहेंगे।
यह भी पढ़ें: Meerut News Live: दर्दनाक हादसे में युवक की मौत, तहसील दिवस में नहीं पहुंचे 20 अधिकारी, डीएम ने रोका वेतन
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं आया है। ऐसे में विसरा सुरक्षित रखकर जांच को भेजा जा रहा है।
- अभिषेक पटेल, सीओ दौराला