पुलिस का कहना पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी कार्रवाई
संवाद न्यूज़ एजेंसी
खरखौदा। थाना क्षेत्र के गांव सेत कुआं में लंबे समय से चल रहा भूमि विवाद सोमवार को मारपीट में घायल महिला शाला की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।
सेत कुआं निवासी संदीप पुत्र आजाद सिंह के अनुसार उसके चाचा रमेश चपराना और उनके परिवार के बीच काफी समय से कृषि भूमि को लेकर विवाद चला आ रहा है। रविवार को विवाद उस समय बढ़ गया जब रमेश पक्ष के लोगों ने आजाद सिंह के मकान पर लगा सीसीटीवी कैमरा तोड़ दिया। आरोप है कि कैमरा रमेश पक्ष के मकान की ओर लगा होने के कारण उसे तोड़ा गया। कैमरा टूटने के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। संदीप की मां शीला (50) को गुम चोट लगी थी।
मारपीट की सूचना पर रविवार शाम खरखौदा पुलिस गांव पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में ग्राम प्रधान तथा ग्रामीणों ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया। उस समय मामला केवल कैमरा तोड़ने और हल्की मारपीट तक सीमित माना गया था।
उधर, घायल शीला का उपचार भी परिजन गांव के ही एक चिकित्सक से कराते रहे। सोमवार तड़के अचानक शीला की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे उपचार के लिए मेरठ लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को लेकर सीधे खरखौदा थाने पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया महिला के शरीर पर कोई बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। इसी आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जमीन बेचने को लेकर पहले भी कई बार हो चुका था विवाद
मृतका के बेटे संदीप के अनुसार दोनों पक्षों में कृषि भूमि को लेकर विवाद कोई नया नहीं है। मृतका के परिजनों के अनुसार दोनों पक्षों की भूमि शामलात खाते में है। कृषि भूमि को लेकर दोनों पक्षों का कई बार विवाद हो चुका है। लगातार विवाद की आशंका के चलते संदीप के परिवार ने अपने मकान पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे, ताकि किसी भी घटना की रिकॉर्डिंग हो सके। रविवार को इसी कैमरे को तोड़े जाने व मारपीट की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड है।
सीओ किठौर सौम्या अस्थाना का कहना है कि महिला की मौत चोट के कारण हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-