उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद में गुरुवार को दोघट थाना क्षेत्र के एक गांव में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर मामूली कहासुनी हो गई। पत्नी ने कमरे की कुंडी बंद कर मरने का नाटक किया। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस को देखते ही महिला उठ कर बैठ गई।
बुधवार की रात क्षेत्र के एक गांव में किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच मामूली कहासुनी हो गई थी। कहासुनी के बाद पति घेर में सोने चला गया और महिला घर के कमरे में सोने चली गई। गुरुवार सुबह जब परिजनों ने महिला से कमरे की कुंडी खोलने के लिए कहा तो अंदर से कोई जवाब नहीं आया।
परिजनों ने कमरे में लगी खिड़की उखाड़कर महिला को कमरे में पड़ा देखा और उसे मृत समझ पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जैसे ही कमरा खोला तो महिला उठकर बैठ गई। पुलिस ने महिला व उसके पति को डांट फटकार लगाकर समझाया। एसओ रमेश सिंह सिद्धू ने बताया कि पति-पत्नी के बीच कहासुनी पर महिला ने मरने का नाटक किया था।
पत्नी से मारपीट करने वाले का चालान किया
उत्तरकाशी की महिला की शादी आजमपुर मुलसम के अनुज के साथ हुई है। उसने बताया गया कि बुधवार की रात में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसमें अनुज ने पत्नी के साथ मारपीट कर दी। पत्नी ने मायके उत्तरकाशी उत्तराखंड तथा डायल 112 पर सूचना दे दी।
एसओ रमेश सिंह ने बताया कि महिला ने अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं की है। युवक का शांतिभंग में चालान कर दिया है। इसके अलावा फौलादनगर निवासी सलमा ने दोघट थाने पर तहरीर देते हुए पति पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।