तीन तलाक के खिलाफ महिला मंगलवार को बच्चों के साथ थाने पहुंच गई और पति को नामजद करते हुए तहरीर दे दी। पुलिस ने पति को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार कस्बा किठौर निवासी खुर्शीदा ने एएसपी सुकीर्ति माधव को दी तहरीर में बताया कि करीब 10 साल पहले उसका निकाह कंकरखेड़ा निवासी युवक से हुआ था। आरोप लगाया कि पति के किसी दूसरी महिला से संबंध हैं, जिसका विरोध करने पर पति ने उसे तीन तलाक कहकर घर से निकाल दिया। जिसके बाद से वह अपने भाई के पास रह रही है। महिला ने पति के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। एएसपी ने बताया कि तहरीर के आधार पर महिला के पति को हिरासत में लिया गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। उधर, थाने पहुंचीं सारथी संस्था की अध्यक्ष कल्पना पांडे ने पीड़ित महिला को न्याय दिलाने का आश्वासन देते हुए कहा कि इस संबंध में एसएसपी से मिलकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी।