मेरठ। दिल्ली रोड स्थित देवलोक कॉलोनी में नाला चोक होने पर घरों में गंदा पानी और सड़क पर जलभराव होने से लोगों का बृहस्पतिवार को गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने महापौर का घेराव किया। महापौर ने निगम अफसरों को जमकर फटकार लगाई और तुरंत जलनिकासी का समाधान करने की बात कही। आश्वासन दिया है कि जब तक जलभराव का निस्तारण नहीं होगा, तब तक वह रोज देवलोक आकर मुआयना करेंगे।
इधर, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार ने शहर का निरीक्षण किया। अव्यवस्था मिलने पर सफाई नायक संजय कुमार और विकास कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया। संतोषजनक जवाब न देने पर निलंबित करने की बात कही है। झमाझम बारिश होने और नाला चोक होने के कारण बुधवार को शहर में जलभराव होने पर कमिश्नर हृषिकेश भास्कर यशोद को हाथ में जूते लेकर गंदे पानी में और डीएम डॉ. वीके सिंह, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार को करीब दो फीट पानी में चलकर नालों की सफाई कराई।
शहर में जलभराव और अव्यवस्था को लेकर सांसद, विधायक, पार्षद और आमजन में निगम के प्रति आक्रोश था। इसको लेकर बृहस्पतिवार सुबह 6:00 बजे नगर आयुक्त सौरभ गंगवार निरीक्षण करने के लिए निकल पड़े। वेस्ट कचहरी रोड से ईव्ज चौराहा, इंदिरा चौक होते हुए पशु चिकित्सालय और फूलबाग चौराहे तक निरीक्षण किया गया। हरिलक्ष्मी लोक, इंदिरा चौक, पशु चिकित्सालय के बाहर लगे कांवड़ शिविरों वाले स्थलों की सफाई व चूना आदि का छिड़काव कराने के नगर आयुक्त ने निर्देश दिए।
सूरजकुंड वाहन डिपो पहुंचकर डोर-टू-डोर गाड़ियों के निकलने की जानकारी ली। वार्ड-13 तेजगढ़ी चौराहा होते हुए मेडिकल कॉलेज तक सफाई नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। सफाई निरीक्षक संजय कुमार से कर्मचारियों का रजिस्टर लिया, जिसमें 38 कर्मचारियों में से सिर्फ 16 कार्यरत मिले। एक ही कर्मचारी द्वारा हाजिरी लगी थी। नगर आयुक्त ने सफाई नायक संजय कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
वार्ड-35 और 39 दिल्ली रोड पर जगह-जगह पर अतिक्रमण मिलने पर सहायक नगर आयुक्त शरद पाल और सफाई निरीक्षक ऋषिपाल को निर्देश दिए कि व्यवस्था सुधारें। शास्त्रीनगर सेक्टर-6 भोलानाथ मंदिर वाले क्षेत्र में बुधवार को जलभराव होने में कारण और कार्यरत 26 कर्मचारियों में से मात्र 01 कर्मचारी ही उपस्थित मिलने पर नगर आयुक्त ने सफाई नायक विकास कुमार को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
देवलोक में नाला चोक के कारण जलभराव होने पर लोगों ने नाराजगी महापौर के सामने जाहिर की। महापौर ने लोगों के बीच में खड़े होकर निगम अफसरों को फोन किया और तुरंत नाला सफाई के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि जब तक लोगों की समस्या के निस्तारण होने तक मैं देवलोक कॉलोनी में रोजाना आऊंगा। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता राकेश माहेश्वरी, सतीश गुप्ता, मदन मोहन, संजय शर्मा, राजेश शर्मा, प्रमोद जैन और वेद प्रकाश सहित अन्य लोग मौजूद रहे।