दौराला - सकौती में मंदिर के बाहर लगे द्वार को बुलडोजर से तोड़ते। स्रोत : ग्रामीण
दौराला (मेरठ)। सकौती स्थित श्री मनोकामना पूर्ण मंदिर में मंगलवार देर रात कांवड़ लेकर पहुंचे पूर्व ग्राम प्रधान रणबीर के पोते बादल को प्रवेश न देने पर व्यापारियों में रोष फैल गया। व्यापारियों ने बृहस्पतिवार को विरोध में बाजार बंद रखा। पिता राकेश ने बुलडोजर लाकर मंदिर के बाहर लगाया गया द्वार तोड़ दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने व्यापारियों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने बुलडोजर को सीज कर दिया।
व्यापारियों के अनुसार, कई साल पहले व्यापारियों ने इस मंदिर का निर्माण कराया था। मंगलवार देर रात बादल कांवड़ लेकर सकौती पहुंचा। आरोप है कि मिल के सुरक्षा गार्ड ने मंदिर के कपाट बंद होने की बात कहते हुए उसे प्रवेश देने से मना कर दिया। बुधवार को व्यापारियों और ग्रामीणों को जानकारी हुई तो उन्होंने विरोध जताया। बृहस्पतिवार को विरोध में व्यापारियों ने बाजार बंद रखा और मंदिर सार्वजनिक होने की बात कही। बादल के पिता राकेश ने बुलडोजर लाकर मंदिर के बाहर लगाया गया द्वार तोड़ दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने व्यापारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। पुलिस ने बुलडोजर को सीज कर दिया।
व्यापारियों का आरोप है कि चीनी मिल मंदिर पर अपना हक जताना चाहता है। व्यापारियों ने शुक्रवार को बाजार बंद कर चौकी पर धरना देने, अधिकारियों के पहुंचने पर उन्हें प्रतिष्ठान की चाबी सौंपने और मांग पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन धरना देने की चेतावनी दी।
चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक दीपेंद्र खोखर की ओर से द्वार तोड़ने पर छह लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दे दी गई है। उनका कहना है कि द्वार तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई करवाई जाएगी।
सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल का कहना है कि पुलिस मौके पर गई थी, लेकिन व्यापारी नहीं माने। द्वार तोड़ने पर बुलडोजर को सीज कर दिया गया है।