हर मतदान केंद्र पर व्हीलचेयर उपलब्ध करना स्वास्थ्य विभाग के लिए चुनौती बन गया है। विभाग कुछ ही केंद्रों पर व्यवस्था कर सकता है। जिला निर्वाचन अधिकारी के सख्त निर्देश के बाद निजी नर्सिंग होम की मदद ली जा रही है। सीएमओ ने स्टाफ को व्हीलचेयर की व्यवस्था में लगा दिया है।
दिव्यागों को मतदान करने में किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए चुनाव आयोग ने मतदान केंद्रों पर व्हीलचेयर मुहैया कराने के आदेश दिए थे। बाकी जिले पहले ही व्यवस्था कर चुके हैं, लेकिन मेरठ में मतदान से कुछ दिन पहले ही व्हीलचेयर की व्यवस्था का मुद्दा उठा है। पूरी जिम्मेदारी जिला स्वास्थ्य विभाग को सौंप दी गई है। सीएमओ की तरफ से सभी नर्सिंग व हॉस्पिटलों को निर्देश दिया है कि वो मतदान के लिए अपने यहां पर उपलब्ध व्हीलचेयर को मुहैया कराएं। सीएमओ डॉ. वीपी सिंह का कहना है कि विभाग की तरफ से सभी केंद्रों को व्हीलचेयर उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) व नर्सिंग होम एसोसिएशन से बात हुई है। वहीं सूत्रों ने बताया कि हर मतदान केंद्र पर व्हीलचेयर की उपलब्धता होने की संभावना कम है, क्योंकि इतनी बड़ी संख्या में निजी अस्पताल चेयर उपलब्ध नहीं करा पाएंगे।