थाने के सामने खुली दुकान, मवाना में यह कैसा रात्रि कर्फ्यू
मवाना। बढ़ते कोरोना के प्रकोप के चलते जिले में रात्रि कर्फ्यू लगाया गया है। लेकिन मवाना में शुक्रवार रात 10.30 बजे तक कर्फ्यू जैसी कोई स्थिति नजर नहीं आई। थाने के सामने ही दुकान खुली थी, लोग आम दिनों की तरह सड़कों पर बच्चों के साथ घूमने नजर आए। कहीं भी पुलिस की कोई गश्त नजर नहीं आई।
रात 10 से सुबह 5 बजे तक रात्रि कर्फ्यूू लागू किया है। नगर के चौहान चौक, सुभाष चौक, मिल रोड पर लोग घूमते नजर आए। मास्क की अनदेखी की गई। यहां भी दुकानें खुली थीं और ठेली वाले सामान बेच रहे थे। मीडियाकर्मी पहुंचे तो सुभाष चौक पर तैनात दो होमगार्डों ने ठेली वालों को वहां से भगा दिया। इसके अलावा नगर में कहीं भी पुलिस नजर नहीं आई। लोग आराम से घरों के बाहर घूमते दिखे। पुलिस क्षेत्राधिकारी उदय प्रताप सिंह का कहना है कि रात्रि कर्फ्यू का सख्ती से पालन कराया जाएगा। अगर कहीं पुलिसकर्मी लापरवाही कर रहे हैं तो चेतावनी दी जाएगी और सतर्कता बरतने के निर्देश दिए जाएंगे। रात में जहां दुकाने खुलने की शिकायत मिल रही है, जांच कराई जाएगी।