फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: कल हस्तिनापुर पहुंचेंगी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, यहां पढ़ें पश्चिमी यूपी की बड़ी खबरें

Wed, 14 Dec 2022 09:02 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

खास बातें

नगर निकाय चुनावों की अधिसूचना जारी करने पर 20 दिसंबर तक रोक जारी रखी है। वहीं मेरठ के सरदार वल्लभभाई कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के लिए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल आज मेरठ पहुंच जाएंगी। उनका कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:49 PM, 14-Dec-2022
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल - फोटो : अमर उजाला

हस्तिनापुर के सैफपुर कर्मचंदपुर गांव कल पहुंचेंगी राज्यपाल
महाभारत कालीन ऐतिहासिक नगरी में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के संभावित दौरे को देखते हुए अधिकारी तैयारी में जुट गए हैं। बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी और एसएसपी ने मौके पर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। 

बुधवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी रोहित सजवाण, एसडीएम अखिलेश यादव, सीएमओ अखिलेश नारायण, बीडीओ अंबरीश कुमार आदि अधिकारी विकासखंड के पंच प्यारे भाई धर्मसिंह जन्मस्थली सैफपुर कर्मचंदपुर में पहुंचे। यहां बृहस्पतिवार को राज्यपाल के संभावित कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और सभी तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने यहां पर आंगनबाड़ी केंद्र वेलनेस सेंटर और लैब सेंटर का निरीक्षण किया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल यहां आंगनबाड़ी केंद्र की गोद भराई की रस्म में शामिल होंगी। साथ ही वह गांव में मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं वाले वेलनेस सेंटर का भी निरीक्षण करेंगी और आशा आंगनबाड़ियों से भी बातचीत करेंगी। साथ ही लैब सेंटर का अनावरण करेंगी। 

इसके बाद प्राचीन पांडव मंदिर में दर्शन करेंगी। पांडव टीले पर जयंती माता शक्तिपीठ मंदिर में माता की पूजा अर्चना में शामिल होंगी और पांडव टीले का भ्रमण भी करेंगी। कार्यक्रम स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए पुलिस की टीमों ने मॉकड्रिल भी किया। इस मौके पर ग्राम प्रधान अनुज भाटी, एडीओ राजवीर सिंह, एडीओ आईएसबी विनीत भटनागर, ग्राम सचिव राजकुमार राणा, पंकज यादव, अजय वर्मा, प्रवीण कुमार आदि मौजूद रहे। 

07:18 PM, 14-Dec-2022

अधेड़ व्यक्ति की मौत, कस्बे के एक मंदिर में रह रहा था नरेश 

बड़गांव कस्बे के एक मंदिर में रह रहे व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हालांकि मौत का कारण अधिक शराब पीना बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

नकुड़ थाना क्षेत्र के गांव रानी वादीपुर निवासी नरेश (55) पुत्र मंगतू पिछले पांच माह से कस्बे के एक मंदिर में रहकर वहां देख-रेख कर रहा था। बुधवार की शाम नरेश की अचानक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम पर भेजा है।

बताया जा रहा है कि मृतक पिछले दो दिन से बुखार से पीड़ित चल रहा था। उसके बाद भी वह शराब का सेवन कर रहा था। थाना प्रभारी प्रवेश कुमार का कहना है कि मृतक की संभवत अधिक शराब पीने से मौत हुई होगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जबकि मृतक की पत्नी व बेटा लुधियाना में रहकर मेहनत मजदूरी करते हैं। उन्हें भी सूचना दे दी गई है।

07:15 PM, 14-Dec-2022

33 केवी की लाइन से 1560 मीटर की विद्युत लाइन चोरी

स्योहारा क्षेत्र के गांव रायपुर व मीठेपुर के जंगल से 33 केवी की निर्जीव विद्युत लाइन से अज्ञात चोरों ने तार चोरी कर लिया है। जानकारी होने पर विद्युत विभाग के अधिकारियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।

बुधवार को विधुत विभाग द्वारा आई एक तहरीर में अवर अभियंता उपकेंद्र सरकड़ा चकराजमल सुमित सिंह व अवर अभियंता उमरपुर खादर विनोद कुमार ने बताया कि आज ग्राम रायपुर निवासी किसान ब्रजपाल सिंह ने सूचना दी है कि यहां 33 केवी की विद्युत लाइन से तार चोरी हो गया है।

वहीं विद्युत विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण किया तो ग्राम रायपुर निवासी किसान जय सिंह पुत्र नारायण सिंह के खेत से ग्राम मीठेपुर निवासी वीरेंद्र पुत्र भगवाना सिंह के खेत तक छः खंभों की लगभग सभी 1560 मीटर लंबी लाइन अज्ञात चोर चोरी करके ले गए हैं। घटना के बाद क्षेत्र व विद्युत विभाग में सनसनी मची हुई है। विद्युत अधिकारियों ने पुलिस को तहरीर देकर घटना के खुलासे की मांग की है।

थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव चौधरी का कहना है कि मामला संज्ञान में है और जांच की जा रही है।

विज्ञापन
07:13 PM, 14-Dec-2022

अवैध खनन मामले में जावेद की संपत्ति कुर्क करने के आदेश

बिजनौर में सीजेएम शारिब अली ने नजीबाबाद में अवैध खनन के मामले में दर्ज रिपोर्ट व कोर्ट में पेश नहीं होने पर जावेद निवासी मंडावर की संपत्ति कुर्क करने के आदेश मंडावर पुलिस को दिए हैं।

जावेद के खिलाफ नजीबाबाद थाना क्षेत्र में अवैध खनन करने की रिपोर्ट दर्ज है। इस मामले में जावेद की फरारी की कार्रवाई जारी हो चुकी है। इसके बावजूद भी कोर्ट में पेश नहीं होने पर कोर्ट ने उसकी संपत्ति की कुर्की के आदेश दिए हैं। कार्रवाई पूरी कर 19 दिसंबर तक कोर्ट को अवगत कराने का आदेश दिया गया है। इसके साथ ही जावेद की गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए हैं।

06:36 PM, 14-Dec-2022

खेतों में घूम रही गाय ने किसान को मार डाला

बिजनौर के किरतपुर में खेत में गन्ना छोल रहे किसान (70) को गाय ने मार डाला। आवारा गाय द्वारा किसान की मौत की सूचना पर किसान यूनियन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और नाराजगी व्यक्त की। वहीं मृतक किसान के परिजनों ने बिना कोई पुलिस कार्रवाई किए अंतिम संस्कार कर दिया।

क्षेत्र के गांव बुढ़पुरनैन सिंह में बुधवार की दोपहर किसान लाखन सिंह (70) पुत्र हरिकेश अपने खेत में गन्ना छोलने गया था। गन्ना छोलते समय खेत में एक गाय और एक बछ़डा आ गए। किसान लाखन सिंह खेत से आवारा पशुओं को भगाने लगा। इसी दौरान एक गाय ने उन्हें आकर मारना शुरू कर दिया। गाय ने किसान लाखन सिंह को खेत में ही पटक-पटककर मार डाला। गाय इतनी हिंसक हो गई कि किसान अपनी जान बचाने के लिए खेत में खड़ी बुग्गी पर चढ़ गया, लेकिन गाय किसान पर हमला करती रही। कुछ देर बाद परिजन खेत पर पहुंचे तो लाखन सिंह खेत में मृत पड़े थे। परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।

किसान की आवारा पशु द्वारा मौत के घाट उतार देने की सूचना के बाद सैकड़ों किसान मौके पर जमा हो गए। इस दौरान उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

विज्ञापन
06:17 PM, 14-Dec-2022
छात्र-छात्राएं। - फोटो : amar ujala

छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने की दिलाई शपथ

बिजनौर में युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए पुलिस छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद कर रही है। इसी क्रम में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और जनप्रतिनिधियों को नशे से दूर रहने और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।

बुधवार को थाना हल्दौर क्षेत्र में स्थित आवीआईटी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में एसपी दिनेश सिंह ने कहा कि जिले को नशा मुक्त बनाकर भय मुक्त समाज की स्थापना करनी है। जिसके तहत तीन महीने से नशे के विरुद्ध एक युद्ध का शंखनाद कर जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। यह चिंता का विषय है कि इस जिले में भी अन्य क्षेत्रों की तरह नशे का अवैध व्यापार पैर फैला रहा है। ऐसे नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाकर जिले में कड़ी कार्यवाई करते हुए सप्लाई चेन को तोडा गया है। छात्र-छात्राओं से अपील करते हुए कहा कि ऐसे तत्वों की जानकारी पुलिस को दे, ताकि उनके विरुद्ध समय से कार्यवाई की जा सके।

कहा कि अंतिम स्तर तक भटके हुए युवाओं को चिन्हित कर रहे हैं, जो नशे की तरफ बढ़ चले हैं। उन्होने नशे से मुक्त रहने की शपथ भी दिलाई गई। साथ ही यातायात के नियमों का पालन करने की अपील भी की। कार्यक्रम की शुरुआत में कॉलेज के प्रबन्ध निदेशक सन्नी देशवाल ने सभी अतिथियों को बुके भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर सीओ सिटी अनिल कुमार, थाना प्रभारी हल्दौर उदय प्रताप सिंह सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और विद्यार्थी आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अय्यूब अहमद द्वारा किया गया ।

06:12 PM, 14-Dec-2022

नजीबाबाद निवासी फरीद अहमद की मोदीपुरम में मौत

मेरठ के मोदीपुरम में सोफीपुर की सॉफ्ट ड्रिंक कंपनी में कार्यरत नजीबाबाद निवासी एग्जीक्यूटिव फरीद अहमद की मौत हो गई। वह पल्लवपुरम स्थित आवास में मृत पाए गए।

राष्ट्रीय लोकदल के पूर्व जिला महामंत्री शरीफ अहमद के पुत्र सॉफ्ट ड्रिंक कंपनी के एग्जीक्यूटिव फरीद (42) की मोदीपुरम के पल्लवपुरम फेस-2 आवास पर मौत हो गई। फरीद अहमद मोदीपुरम की सोफीपुर स्थित एक सॉफ्ट ड्रिंक कंपनी में एग्जीक्यूटिव थे। बताया जाता है कि प्रातः पत्नी द्वारा फोन करने पर जब फोन अटेंड नहीं हुआ तो उसके मित्र ने परिजनों की सूचना पर आवास पहुंचकर देखा तो अंदर से कमरा बंद था और फरीद अहमद का शव बैड पर पड़ा हुआ था। पुलिस की मदद से कुंडा तोड़कर शव निकाला गया। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने हार्ट अटैक होने की पुष्टि की।

फरीद अहमद के भाई वसीम अहमद संबंधित डॉ. सुहेल सहित परिजन मोदीपुरम पहुंचे। पंचनामा के बाद शाम को शव नजीबाबाद लाया गया। रालोद नेता शरीफ अहमद के पुत्र शोक पर विधायक हाजी तसलीम अहमद, पूर्व सांसद मुंशी रामपाल सिंह, सरदार बलवीर सिंह, हरेंद्र तोमर, बृजवीर सिंह एड., आसिफ अली मुत्तकी सहित समाजसेवियों और नागरिकों ने संवेदना व्यक्त की है।

06:04 PM, 14-Dec-2022
कार्रवाई करती पुलिस। - फोटो : amar ujala

ढोलीखाल में पुलिस का छापा, बाजार कराया बंद
सहारनपुर के ढोलीखाल में पुराने वाहनों के काटे जाने की सूचना पर पुलिस ने बाजार में छापामारी की कार्रवाई की। पुलिस ने वाहनों से संबंधित दुकानदारों से रिकॉर्ड मांगें तो वह नहीं दिखा सके। इसके बाद पुलिस ने ढोलीखाल बाजार बंद करा दिया। इसके साथ ही पांच लावारिस बाइक भी कब्जे में ली है। इसके अलावा देहरादून रोड और जनता रोड पर भी कार्रवाई की गई है, जिससे पुराने वाहन काटने वालों में खलबली मची रही।

दरअसल, थाना कुतुबशेर क्षेत्र के ढोलीखाल में पुराने वाहनों के काटे जाने का सबसे बड़ा बाजार है। पुलिस को यहां पर चोरी के वाहन काटे जाने की जानकारी मिली थी। सूचना पर एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक और सीओ प्रथम अजेंद्र फोर्स के साथ बुधवार की सुबह ढोलीखाल पहुंचे। पुलिस ने एक-एक व्यापारी से वाहनों से संबंधित रिकॉर्ड मांगें तो वह कोई कागजात नहीं दिखा सके। वहीं, कुछ व्यापारी दुकान बंद करने में जुट गए, जिनको पुलिस ने रोका। यहां पर करीब 50 से अधिक दुकानों की चेकिंग की गई, लेकिन कोई भी व्यापारी काटे जाने वाले वाहनों से संबंधित रिकॉर्ड नहीं दिखा सका। पुलिस ने मौके से पांच लावारिस बाइक भी कब्जे में ली है।

इसके बाद पुलिस ने ढोलीखाल में बाजार को बंद कर दिया। इसके अलावा पुलिस टीम ने देहरादून रोड पर खालसा पब्लिक स्कूल के पास गोदाम पर छापा मारा, जहां पर वाहन काटे जा रहे थे, लेकिन यहां भी कोई दस्तावेज पुलिस को नहीं मिले। इसी तरह जनता रोड पर कार्रवाई की। एसपी सिटी ने मामले की जांच बैठा दी है।

खपाए जाते हैं दूसरे प्रदेशों के भी वाहन
ढोलीखाल में पुलिस पहले भी कई बार कार्रवाई कर चुकी है। वाहन काटने वाले दुकानदारों को पहले भी हिदायद दी गई थी कि काटे जाने वाले वाहनों का रिकार्ड रखें, लेकिन इसके बाद भी दुकानदारों ने कोई रिकॉर्ड नहीं रखा। यहां पर उत्तराखंड़, हरियाणा और पंजाब सहित पश्चिमी यूपी के जिलों के वाहन काटे जाते हैं। वहीं, सूत्र बताते हैं कि चोरी के वाहन भी यहां खपाए जाते हैं। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच करा रही है।

05:00 PM, 14-Dec-2022

दहेज हत्या में विवाहिता के पति, सास का चालान

बिजनौर के धामपुर में पुलिस ने दहेज हत्या में नामजद पांच लोगों में से विवाहिता रितिका के पति सोनू सैनी और सास को गिरफ्तार कर बुधवार को चालान कर दिया है। आरोप है कि यह लोग परिवार के अन्य लोगों के साथ मिलकर विवाहिता से दहेज में दस लाख रुपये की नकदी और अपाचे बाइक की मांग पूरी न होने पर मारपीट करते रहे थे। जिससे तंग होकर 23 वर्षीय रितिका ने 12 दिसंबर को अपने घर में बिजली के पंखे में लटकर आत्महत्या कर ली थी। विवाहित के पिता अमीचंद ने उसके पति सोनू सहित छह के खिलाफ दहेज को लेकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए नामजद रिपोर्ट कायम कराई थी। कोतवाल माधो सिंह विष्ट का कहना है कि पुलिस की ओर से अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने को दबिश दी जा रही है। पुलिस जल्द ही अन्य आरोपियों के गिरफ्तार कर उनका चालान करेगी।

04:14 PM, 14-Dec-2022
निकाय चुनाव - फोटो : सोशल मीडिया

नगर निकाय चुनावों की अधिसूचना जारी करने पर रोक बढ़ी
हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच द्वारा प्रदेश के नगर निकाय चुनावों की अधिसूचना जारी करने पर 12 दिसंबर को लगाई गई रोक 20 दिसंबर तक जारी रखने का आदेश दिया है। नगर निकाय चुनावों में ओबीसी आरक्षण लागू करने में प्रक्रिया का पालन न करने का आरोप राज्य सरकार पर लगाते हुए, दाखिल जनहित याचिका पर न्यायमूर्ति डीके उपाध्याय की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने यह आदेश दिया है। आज हुई सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने जवाबी हलफनामा देने के लिए तीन दिन का समय दिए जाने की मांग की जिसे न्यायालय ने मंजूर कर लिया।

03:47 PM, 14-Dec-2022
सामूहिक विवाह के दौरान शादी के बंधन में बंधे जोड़े - फोटो : अमर उजाला

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 125 जोड़ी परिणय सूत्र में बंधे

बिजनौर में बुधवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 729 युगल दांपत्य बंधन में बंधे। इनमें 64 मुस्लिम जोड़े हैं। सबसे अधिक 118 शादी कोतवाली ब्लाक में हुई। जबकि सबसे कम मात्र 25 शादी किरतपुर ब्लाक में हुई है। संबंधित ब्लाक के ब्लाक प्रमुखों ने शादियों में मौजूद रहकर नव दंपती को आशीर्वाद दिया। सीडीओ पूर्ण बोरा ने नहटोर के विवाह समारोह में प्रतिभाग किया। साथ ही सभी नव युगल के सुखी वैवाहिक जीवन की कामना की है।



यहां पढ़ें पूरी खबर: Bijnor News: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 729 युगल दांपत्य बंधन में बंधे

03:28 PM, 14-Dec-2022
ट्रक में लगी भीषण आग - फोटो : अमर उजाला

टायरों से भरे ट्रक में लगी भीषण आग, मचा हड़कंप

देवबंद में कासिमपुर रेलवे क्रॉसिंग के समीप भायला रोड पर टायरों से भरे ट्रक में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी फैल गई। जब तक दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची तब तक टायरों से भरा ट्रक धू-धू कर जल गया। दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन आग इतनी भीषण थी कि दमकल विभाग की एक गाड़ी भी आग बुझाने में नाकाम साबित हुई।



पूरे शहर में धुए का गुब्बार फैल जाने से लोगों को घंटो सांस लेने में भी भारी परेशानी उठानी पड़ी। टायरों से भरा ट्रक महाराष्ट्र से आया था। जो टायर जलाने वाली फैक्ट्री में जा रहा था। ट्रक चालक ने अगला हिस्सा खोलकर जलते ट्रक को अलग किया जिससे उसकी जान बच सके

02:18 PM, 14-Dec-2022
jam in meerut, Meerut traffic - फोटो : Amar Ujala Meerut

मेरठ में ई-रिक्शा, ऑटो पर शिकंजा कसेगा प्रशासन, जल्द हो सकता है बड़ा फैसला

मेरठ में सिटी बसों के घाटे को कम करने के लिए मंगलवार को कमिश्नर सेल्वा कुमारी जे. ने योजना तैयार की। उन्होंने मेरठ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लि. के निदेशक मंडल की 24वीं बैठक में कहा कि ट्रायल के तौर पर किसी एक रोड के ई-रिक्शा और ऑटो बंद किए जाएं। वहां पर केवल सिटी बसें चलाई जाएं। उसी के आधार पर आगे की रणनीति बनाई जाए। ई-बसों का चार्जिंग स्टेशन मवाना व सरधना में बनाया जाए। लोहिया नगर चार्जिंग स्टेशन से बस को 24 किमी. अतिरिक्त चलना होता है, जो घाटे का सौदा साबित हो रहा है।

यहां पढ़ें पूरी खबर: Meerut News: सिटी बसों की बढ़ेगी आय, बंद होंगे ई-रिक्शा, ऑटो

02:14 PM, 14-Dec-2022

आज आएगी एलएलएम की प्रथम मेरिट,

सीसीएसयू कैंपस और कॉलेजों में एलएलएम में प्रवेश के लिए पहली वरीयता सूची (मेरिट लिस्ट) आज शाम तक जारी होगी। इसके आधार पर छात्र-छात्राएं बुधवार से 16 दिसंबर तक (दो कार्य दिवस) में प्रवेश ले सकते हैं। 15 दिसंबर को दीक्षांत समारोह होने के कारण अवकाश रहेगा। कॉलेज विश्वविद्यालय के पोर्टल पर 16 दिसंबर तक सभी प्रवेश को कन्फर्म कर दें।
कॉलेजों में प्रवेश लेने के लिए सभी अभ्यर्थी अपनी लॉगइन आईडी से लॉगइन करके अपना पंजीकरण फॉर्म एवं ऑफरलेटर डाउनलोड करेंगे। पंजीकरण फॉर्म एवं ऑफर लेटर के साथ अपने शैक्षिक प्रमाण, आरक्षण संबंधी प्रमाण पत्र, मूल निवास, आधार आदि समस्त प्रमाण पत्रों की स्वप्रमाणित छाया प्रति लगाते हुए मूल प्रमाण पत्रों के साथ कॉलेज में संपर्क करेंगे।
प्रथम वरीयता पर अंकित कॉलेज आवंटित होने पर यदि अभ्यर्थी प्रवेश नहीं लेता है तो ऐसे अभ्यर्थी का अन्य किसी वरीयता सूची (मेरिट लिस्ट) में नाम शामिल नहीं किया जाएगा। इसके बाद ऐसे अभ्यर्थी अंतिम अवसर के दौरान ओपन मेरिट के आधार पर ही प्रवेश के लिए प्रयास कर सकते हैं।

12:44 PM, 14-Dec-2022

बंद कमरे में मिला 45 वर्षीय कर्मी का शव, जांच में जुटी पुलिस

मेरठ के पल्लवपुरम फेस-टू के एक बंद मकान में बुधवार को मूलरूप से नजीबाबाद के रहने वाले फरीद अहमद का शव पड़ा मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 
फरीद अहमद सोफीपुर स्थित एक सॉफ्टड्रिंक कंपनी के गोदाम में कार्य करता था। वह, मोदीपुरम में एक मकान में किराए पर रहता था। बुधवार को पुलिस ने फरीद अहमद का बंद मकान से शव बरामद किया।

दरअसल, मृतक की पत्नी ने फरीद को फोन किया तो फोन नहीं उठा। कई बार फोन मिलाने के बाद भी फोन न उठने पर महिला ने फरीद के साथी अमित को कॉल की। अमित घर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद था।

खिड़की से देखा तो फरीद अपने बिस्तर पर पड़ा हुआ था। अनहोनी का शक होने पर अमित ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने किसी तरह कुंडी तोड़ी। फरीद पुलिस को मृत मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाए।

11:49 AM, 14-Dec-2022

मुर्दे की चारपाई हुई चोरी, पुलिस की बढ़ी मुश्किल

बागपत के छपरौली कस्बे की पट्टी जगमलान  निवासी सुदेश पुत्र अतर सिंह ने सात दिसंबर  को थाना छपरौली पहुंचकर तहरीर देते हुए बताया था कि उसकी पुत्री टीना की मृत्यु हो गई थी। जिसका अंतिम संस्कार करने के बाद रीति-रिवाज के अनुसार चारपाई को उल्टा कर गेट के पास टांग दिया गया था।

दो दिसंबर को किसी अज्ञात चोर ने चारपाई को चोरी कर लिया था। जिसकी शिकायत छपरौली थाने पर भी की गई थी। लेकिन घटना के 12 दिन बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई तो पीड़ित आज मंगलवार को फिर से थाना छपरौली पर पहुंचा और कार्रवाई की मांग की है।

उन्होंने बताया कि सात दिसंबर को तहरीर दी गई थी, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसी वजह से वह काफी परेशान है। उनका कहना है कि जब तक चारपाई नहीं मिलेगी, उसकी बेटी की आत्मा को शांति नहीं मिलेगी। पीड़ित ने पुलिस से अनुरोध किया है कि उसकी चारपाई खोजी जाए। छपरौली थाना अध्यक्ष नितिन पांडेय ने बताया कि पुलिस छानबीन में लगी हुई है।

11:28 AM, 14-Dec-2022

छुट्टी लेकर घर आए असम राइफल के जवान पर जानलेवा हमला

मेरठ के परतापुर थानाक्षेत्र के छज्जूपुर गांव छुट्टी पर आए असम राइफल के जवान पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। बताया गया कि आरोपियों ने घर में घुसकर जवान के साथ मारपीट की। जिसमें वह घायल हो गया है। उसे मोदीपुरम के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। जवान के भाई ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।

11:13 AM, 14-Dec-2022

एमडीए बेचेगा 1079 फ्लैट 10 फीसदी तक मिलेगी छूट

मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) की खाली पड़ी संपत्तियां गुलजार होने वाली हैं। इससे एमडीए की तिजोरी भरेगी और लोगों को भी फायदा होगा। एमडीए ने अपने फ्लैट और अन्य संपत्तियों के दाम घटाकर बेचने की कार्ययोजना तैयार की है। एक आवास पर दस प्रतिशत तक की छूट देने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। बोर्ड बैठक में इस पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। विभिन्न योजनाओं के इन फ्लैट्स की कीमत करीब 22 करोड़ रुपये है। पहले आओ पहले पाओ के आधार पर आवास दिए जाएंगे। 

पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें ये लिंक-  Meerut News: एमडीए बेचेगा 1079 फ्लैट, 10 फीसदी तक मिलेगी छूट

10:15 AM, 14-Dec-2022

UP: कल हस्तिनापुर पहुंचेंगी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, यहां पढ़ें पश्चिमी यूपी की बड़ी खबरें

नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी करने पर रोक बढ़ी
हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच द्वारा प्रदेश के नगर निकाय चुनावों की अधिसूचना जारी करने पर 12 दिसम्बर को लगाई गई रोक 20 दिसम्बर कल तक जारी रखने का आदेश दिया है। नगर निकाय चुनावों में ओबीसी आरक्षण लागू करने में प्रक्रिया का पालन न करने का आरोप राज्य सरकार पर लगाते हुए, दाखिल जनहित याचिका पर न्यायमूर्ति डीके उपाध्याय की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने यह आदेश दिया है।

आज हुई सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने जवाबी हलफनामा देने के लिए तीन दिन का समय दिए जाने की मांग की जिसे न्यायालय ने मंजूर कर लिया। निकाय चुनाव को लेकर आज हाई कोर्ट के फैसले पर सभी की नजर टिकी थीं। बता दें कि कोर्ट के चुनाव घोषित करने पर रोक लगाने के बाद दावेदारों की चिंता बढ़ गई है। नेता पिछले कई महीने से चुनाव की तैयारी कर रहे हैं। 

कृषि विवि में दीक्षांत समारोह कल, स्वर्ण पदक मिलने का सपना होगा पूरा
बेटियों किसी भी रूप में बेटों से कम नहीं हैं। मेरठ के सरदार पटेल कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आनंदनी बेन पटेल कल छात्राओं को मेडल देंगी। राज्यपाल दीक्षांत समारोह के लिए आज रात को मेरठ के सर्किट हाउस पहुंचेंगी। यहां वह रात्रि विश्राम करेंगी और कल दीक्षांत समारोह के दौरान छात्र छात्राओं को मेडल देंगी। सात में से मेडल पाने वाली पांच बेटियां हैं।  

राज्यपाल आनंदी बेन पटेल आज रात को 11 बजे सर्किट हाउस पहुंचेंगीं। गुरुवार सुबह 11:00 बजे सीसीएसयू के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। दीक्षांत समारोह के बाद हस्तिनापुर में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को किट का वितरण करेंगी। रात को सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगी। 16 दिसंबर को सरदार पटेल वल्लभ भाई पटेल विवि के दीक्षांत में होंगी शामिल।

दीक्षांत समारोह में स्वर्ण पदक पाने वाले छात्र-छात्राओं की खुशी का ठिकाना नहीं है। सभी का यही कहना है कि स्वर्ण पदक पाने का सपना पूरा होगा। सीसीएसयू में 15 दिसंबर को होने वाले दीक्षांत समारोह में स्वर्ण पदक पाने के लिए सारे टॉपर्स बेहद उत्साहित हैं। 

कैंपस में मंगलवार को सभी टॉपर्स को बुलाकर उनके फार्म सत्यापित किए गए। परिजनों को साथ लाने के लिए भी फार्म सत्यापित किया जाना जरूरी है। टॉपर्स को उनके बैठने का क्रम, किस तरह से मेडल लेने जाना है, आदि के बारे में रिहर्सल कराया गया। बुधवार को भी टॉपर्स को रिहर्सल के लिए बुलाया गया है। कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला और रजिस्ट्रार धीरेंद्र कुमार वर्मा ने निरीक्षण किया। एनसीसी कैडेट ने भी रिहर्सल किया। 

भारतीय वन सेवा में जाना चाहती हैं तनु 
सहारनपुर के नकुड़ जैनपुर गांव निवासी तनु चौधरी ने बीएससी कृषि गोचर महाविद्यालय रामपुर मनिहारन कॉलेज से 80.60 फीसदी अंकों के साथ टॉप किया है। उन्होंने 12वीं सरस्वती विद्या मंदिर अंबेठा पीर स्कूल से 81 फीसदी अंकों के साथ उत्तीर्ण किया। तनु को कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल चौधरी चरण सिंह स्मृति प्रतिभा पुरस्कार द्वितीय से सम्मानित करेंगी। तनु अब गोचर महाविद्यालय से बीएड कर रही हैं। तनु सिविल सर्विसेज के जरिए भारतीय वन सेवा में अधिकारी बनना चाहती हैं। 

जज बनना चाहती हैं सुरुचि 
गाजियाबाद मोदीनगर के देवनगर की रहने वाली सुरुचि ने एलएलएम मेरठ कॉलेज से 69.56 अंकों के साथ टॉप किया है। सुरुचि ने एलएलबी मेरठ कॉलेज से 62 फीसदी अंकों से उत्तीर्ण की। सुरुचि को कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल कुलाधिपति स्वर्ण पदक से सम्मानित करेंगी। सुरुचि अब जज बनना चाहती हैं, इसके लिए वह तैयारी में जुटी हैं। 

कला के क्षेत्र में खास करने की चाहत : आरजू 
हापुड़ बाबूगढ़ छावनी के कनिया कल्याणपुर गांव निवासी आरजू गिल ने एमएफए ड्राइंग एंड पेंटिंग में सीसीएसयू कैंपस से 88.50 फीसदी अंकों के साथ टॉप किया है। आरजू को कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल पूर्व राष्ट्रपति डॉ. शंकर दयाल शर्मा स्वर्ण पदक से सम्मानित करेंगी। आरजू ने बीए 60 फीसदी अंकों के साथ आर्य कन्या पीजी कॉलेज हापुड़ से किया। 12वीं और 10वीं प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण किया। आरजू अब ड्राइंग एंड पेंटिंग में पीएचडी करना चाहती हैं। आरजू डिग्री कॉलेज में प्रोफेसर बनना चाहती हैं। आरजू के पिता नरेश गिल किसान हैं, माता पुष्पा देवी गृहिणी हैं। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें