इसके अलावा गुरुवार को मेरठ का एक्यूआई 143 दर्ज किया गया। जबकि जयभीमनगर 138, पल्लवपुरम 148, गंगानगर 140, बेगमपुल 150, दिल्ली रोड 155 दर्ज किया गया।
आंधी में उड़ गए होर्डिग्स और बैनर
शाम के समय अचानक से आई तेज आंधी से होर्डिंग्स और बैनर भी आंधी में उड़ गए। कई जगह पर हाईवे किनारे गर्मी के लिए स्वीमिंग पुल और अन्य सामग्री बेच रहे दुकानदारों का समान भी हाईवे पर उड़ गए। बाजारों में भी आंधी और बारिश का असर दिखाई दिया। सबसे ज्यादा दिक्कत दोपहिया वाहन स्वामियों को झेलनी पड़ी।
बारिश ओले से गेहूं की फसल को नुकसान
सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्ववद्यिालय के मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर यूपी शाही का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तेज आंधी और बारिश आई है। कुछ जगह पर ओले भी पड़े हैं। शुक्रवार को भी सुबह के समय हल्की बारिश की संभावना है। खेतों में गेहूं की कटाई और थ्रेसिंग शुरू हो गई है। बारिश से सबसे ज्यादा नुकसान गेहूं की फसल को पहुंचेगा।
बारिश और तेज हवा से गुल हुई बिजली, पोल टूटे
देर शाम तेज हवा और बारिश के कारण शहर की बिजली गुल हो गई। कई जगह एक से दो घंटे तक बिजली नहीं रही। वहीं मोहकमपुर क्षेत्र में 11 केवी की लाइन के दो पोल भी टूट गए। इस कारण कई घंटे तक उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ा।
देर शाम लगभग 6 बजे तेज हवा के कारण शहर में बिजली गुल हुई। दिल्ली रोड, मोहकमपुर, शारदा रोड, मोदीपुरम, शास्त्रीनगर, जयदेवी नगर आदि इलाकों में बिजली गुल हो गई। हवा कम होने के बाद ही विद्युत आपूर्ति सुचारू हो सकी। वहीं मोहकमपुर क्षेत्र में दो विद्युत पोल टूट गए और तिरछे हो गए। इस कारण बड़ा हादसा होने से बच गया।
पोल तिरछे होने के कारण मोहकमपुर क्षेत्र में लगभग 2 घंटे बिजली नहीं रही। अधीक्षण अभियंता शहर प्रशांत कुमार ने बताया कि तेज हवा के कारण एहतियात के तौर पर कुछ इलाकों की बिजली आपूर्ति बंद की गई थी। पोल तिरछे होने का मामला भी सामने आया जहां कर्मचारी को भेजकर विद्युत आपूर्ति सुचारू कराई गई।
यह भी पढ़ें: Meerut Crime News: LED टीवी के स्टैंड को लेकर मारपीट, चार घायल, खाने में देरी के लिए कहने पर ग्राहक को पीटा
आकाशीय बिजली से वृद्धा की मौत, करंट से झुलसे दादा-दादी और पौत्र
पावलीखास गांव के जंगल में काम कर लौट रही महेंद्री (70) की गुरुवार शाम बरसात के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। इंचौली क्षेत्र के शहजादपुर में गुरुवार रात एचटी लाइन का तार टूटकर नाली में गिर गया। करंट से झुलसकर घर में मौजूद उदयवीर (60), उनकी पत्नी राकेश (55) और उनका पौत्र 13 वर्षीय रोहित झुलस गए, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। करंट से दो पशुओं की मौत हो गई। इसके अलावा क्षेत्र में आंधी-बारिश के दौरान बिजली के कई पोल भी गिरे।