मेरठ के गंगानगर में मंगलवार रात सेनेटरी की दुकान का ताला तोड़कर नकदी व पीतल का सामान चोरी करने वाले शिब्बू निवासी कसेरुखेड़ा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने एक अन्य दुकान से 10 हजार की नकदी और पीतल का सामान चोरी किया था। आरोपी से पुलिस ने चोरी किया गया सामान बरामद किया है।
जागृति विहार निवासी सौरभ त्यागी की गंगानगर जीपी-पॉकेट में सेनेटरी की दुकान है। थाने में दी तहरीर में उन्होंने बताया कि बुधवार रात करीब ढाई बजे एक चोर उनकी दुकान का ताला तोड़कर गल्ले से 10 हजार की नकदी और और पीतल की फिटिंग का करीब दो बोरी सामान चोरी कर ले गया था।
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी का चेहरा स्पष्ट दिखाई दे रहा था। इससे पहले मंगलवार रात करीब डेढ़ बजे यही बदमाश उनकी दुकान के पास स्थित सचिन गर्ग की गर्ग सैनेट्री और हार्डवेयर स्टोर से पीतल के सामान का एक बोरा चोरी कर ले गया था। सीओ सदर देहात शिवप्रताप सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान करने के बाद गिरफ्तार किया गया है।
डिफेंस कॉलोनी में बंद पड़ी कोठी में चोरी की वारदात भी कबूली
सीओ सदर देहात ने बताया कि कुछ दिन पहले गंगानगर थाना क्षेत्र की डिफेंस कॉलोनी में बंद पड़ी कोठी से करीब 50 हजार की नकदी व अन्य सामान चोरी हुआ था। पूछताछ में शिब्बू ने ये चोरी की वारदात करना भी कबूल किया है।
राजेंद्र कुमार गौतम ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया था कि डिफेंस कॉलोनी में कोठी नंबर ए-106 उनका पैतृक मकान है। वह चारों भाई काफी समय से अलग-अलग बनाकर मेरठ से बाहर रहते हैं। पैतृक आवास में उनकी मां सुशीला गौतम अकेली रह रही थी। करीब एक वर्ष पूर्व उनकी मृत्यु होने के बाद कोठी बंद थी। महीने में एक-दो बार माली आनंद और मेड रीता इसकी सफाई करते थे। 2 मार्च को आनंद ने उन्हें फोन करके सूचना दी कि कोठी में चोरी हो गई है।
यह भी पढ़ें: West UP News Live: 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी, ओले पड़े, सफाई कर्मियों की हड़ताल, व्यवस्था चौपट
एलईडी टीवी के स्टैंड को लेकर मारपीट, चार घायल
ब्रह्मपुरी क्षेत्र के माधवपुरम में एलईडी टीवी के स्टैंड को लेकर दुकानदार और ग्राहक में मारपीट हो गई। घटना में दुकानदार की मां और ग्राहक की बेटी भी घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है।
माधवपुरम में सुमित की इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की दुकान है। माधवपुरम के ही मंगल नाम के व्यक्ति ने उससे एलईडी टीवी खरीदा था। मंगल का आरोप है कि घर जाकर टीवी का बॉक्स खोला तो उसमें स्टैंड नहीं मिला। वह बेटी मानसी के साथ सुमित की दुकान पर पहुंचा। यहां स्टैंड को लेकर दोनों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इसमें सुमित और मंगल के अलावा बीच-बचाव कराने में सुमित की मां लक्ष्मी और मंगल की बेटी मानसी भी घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों घायलों को जिला अस्पताल भेजा। एएसपी अंतरिक्ष जैन का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
खाने में देरी के लिए कहने पर ढाबा संचालक ने ग्राहक को पीटा
मेरठ मेडिकल थाना क्षेत्र में एक ढाबे पर खाने में देरी के लिए कहने पर ढाबा संचालक ने ग्राहक पर हमला कर दिया। जागृति विहार निवासी शेखर त्यागी ने थाने में दी तहरीर में बताया कि वह बुधवार रात अपने दोस्त अंकुर के साथ मेडिकल कॉलेज के पास शंभू ढाबे पर खाना खाने गए थे। खाना देने में देरी के लिए ढाबा संचालक और उसकी पत्नी से कहा तो आरोप है कि वह गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर ढाबा संचालक ने नुकीले पलटे से हमला कर उसे घायल कर दिया। जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी भाग गए। सीओ अभिषेक तिवारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को तलाश किया जा रहा है।
लघुशंका करने गए युवक की बाइक चोरी
लोहियानगर थाना क्षेत्र के नरहाडा गांव निवासी राजेंद्र ने थाने पर तहरीर देते हुए बताया था कि उसका भतीजा धर्मेंद्र बुधवार किसी काम से बाजार गया था। वापस लौटते वक्त वह लघुशंका करने के लिए रास्ते में उतर गया था। कुछ देर बाद वह वापस आया तो देखा की बाइक गुम है। जिसके बाद पीड़ित ने परिजनों को फोन कर मामले की जानकारी दी। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने आसपास के क्षेत्र में बाइक की तलाश की। लेकिन बाइक की जानकारी नहीं हो सकी। परिजनों ने थाने पहुंचकर बाइक चोरी की तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर दिया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि चोरों की तलाश के लिए एक टीम लगा दी गई है।
दिव्यांग की स्कूटी में गाड़ी से मारी टक्कर, धमकी दी
लोहियानगर क्षेत्र में कार सवार ने दिव्यांग को स्कूटी में टक्कर मारकर गिरा दिया। धमकी देते हुए आरोपी भाग गया। शास्त्री नगर निवासी उमेश यादव ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि वह बुधवार रात अपनी स्कूटी पर भतीजे और भतीजी के साथ बाजार से घर लौट रहे थे। कॉलोनी के गेट पर आशीष नाम के युवक ने उनकी स्कूटी के सामने गाड़ी लगा दी। गाली-गलौज करते हुए स्कूटी हटाने के लिए कहा। विरोध करने पर आरोपी ने उनकी स्कूटी में टक्कर मारकर गिरा दिया। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी का कहना है कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
घर में घुसकर हमला करने की रिपोर्ट दर्ज
मकान खाली करने के लिए कहने पर घर में घुसकर हमला करने और महिला की इद्दत भंग करने के मामले में लोहियानगर पुलिस ने छह नामजद और अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। थाने में शिकायत करते हुए इकबाल ने बताया कि उसका भाई इमरान दूसरे भाई चांद के मकान में पत्नी शगुफ्ता के साथ रहता है। वह काम के सिलसिले में ज्यादातर गोरखपुर में रहता है। चांद के कहने पर उसने इमरान से मकान खाली करने को कहा था। इमरान ने पत्नी के दूसरी जगह रहने की व्यवस्था कर मकान खाली करने की बात कही थी। आरोप है इससे शगुफ्ता नाराज हो गई। तभी से ही शगुफ्ता और उसका भाई शावेज, मामा सईद, ममेरे भाई साहिल उर्फ काला इरशाद, सुऐब, शावेज और दो अज्ञात लोगों ने घर में घुसकर हमला कर दिया। मकान में तोड़फोड़ की। उसकी मां की इद्दत भंग कर दी। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को तलाश किया जा रहा है। जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पिता के हत्यारोपी रोहित ने अब पत्नी को दी मारने की धमकी
कंकरखेड़ा नंगलाताशी गांव निवासी सुक्रमपाल की उसके बेटे रोहित ने तीन साल पूर्व 21 जुलाई को जमीन के विवाद में गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर दिया था। बुधवार को आरोपी अपनी पत्नी की हत्या करने के लिए पहुंचा। पुलिस ने आरोपी के पास से नौ कारतूस व 32 बोर का तमंचा बरामद किया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर दिया।
थाना क्षेत्र के सरधना रोड स्थित नंगलाताशी गांव में सुक्रमपाल अपने परिवार के साथ रहता था। सुक्रमपाल का अपने बेटे रोहित से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। रोहित ने युवी क्लब के पीछे तमंचे से गोली मारकर पिता की हत्या कर दी थी। इसमें सुक्रमपाल की पत्नी कुसुम ने अपने बेटे रोहित के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने आरोपी रोहित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बुधवार को आरोपी ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर दी। तमंचा दिखाकर उसे गोली मारने की धमकी दी। महिला ने घर से बाहर भागकर अपनी जान बचाई। महिला की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस को आरोपी के पास से कारतूस व तमंचा बरामद हुआ। पुलिस आरोपी को पकड़कर थाने ले आई। गुरुवार को पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में न्यायालय में पेश कर दिया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि आरोपी कारतूस व तमंचा कहां से लाया इसकी जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी लाइन हाजिर, लावड़ चौकी निलंबित
संरक्षित पशुओं के वध पर अंकुश नहीं लगाने पर एसएसपी डॉ विपिन ताडा ने पूरी लावड़ पुलिस चौकी को निलंबित कर दिया। चौकी प्रभारी विनोद कुमार अत्री समेत सात पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है। साथ ही इंचौली थाना प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार को लाइन हाजिर कर दिया है।
इंचौली थाने की लावड़ पुलिस चौकी क्षेत्र में बीते दस दिनों में संरक्षित पशुओं के वध की दो घटनाएं हुई। थाना प्रभारी निरीक्षक और चौकी के पुलिसकर्मी दोनों घटनाओं का खुलासा भी नहीं कर सके। जबकि आलाधिकारियों ने आरोपियों पर कार्रवाई व घटनाओं पर अंकुश लगाने के सख्त निर्देश दिए थे। इसी नाकामी पर एसएसपी ने लावड़ पुलिस चौकी के प्रभारी समेत सात पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच बैठा दी है। साथ ही इंचौली थाना प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार को लाइन हाजिर किया है।
संरक्षित पशुओं के वध पर सख्त कार्रवाई जारी
संरक्षित पशुओं के वध मामले में शासन स्तर से कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी लगातार ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई कर रहे हैं। इससे पहले एसएसपी ने दौराला थाने की सकौती पुलिस चौकी, सरूरपुर थाने की खिवाई पुलिस चौकी, मेडिकल थाने की तेजगढ़ी चौकी को भी निलंंबित किया है। इसके बावजूद घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पाया है। एसएसपी का कहना है कि लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई जारी रहेगी।
कार ने ठेले और पोल में मारी टक्कर
मेडिकल थाना क्षेत्र में संत विवेकानंद इंटर कॉलेज के पास बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे एक तेज रफ्तार कार ने जूस के ठेले में टक्कर मार दी। इस दौरान दो युवक बाल-बाल बच गए। इसके बाद कार बिजली के पोल से जा टकराई। पोल टूटकर कार पर गिर गया। कार का चालक मौके से भाग निकला। जबकि उसके साथी को लोगों ने पकड़ लिया। छात्र नेता विनीत चपराणा ने एसडीओ को फोन करके विद्युत आपूर्ति बंद कराई। कार सवार युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि मेडिकल थाना पुलिस का कहना है कि इस मामले में कोई तहरीर नहीं आई। दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
महिला और युवती लापता
कंकरखेड़ा। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक महिला बृहस्पतिवार सुबह घर से कोल्डड्रिंक लेने के लिए घर से निकली थी। काफी देर तक महिला घर नहीं पहुंची तो परिजनों को चिंता हुई। जिसके बाद परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन महिला का सुराग नहीं लग सका। दूसरी ओर एक कॉलोनी निवासी एक युवती किसी काम से बाजार गई थी। मगर देर शाम तक वापस घर नहीं लौटी। दोनों के परिजनों ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि एक टीम को दोनों की बरामदगी के लिए लगा दिया गया है। संवाद
फायरिंग करने वाले आरोपी को जेल भेजा
पावलीखास रोड पर द्वारकापुरी में शादी में शामिल होने आई इरफाना पर फायरिंग करने के आरोपी पति मुस्तकीम को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया। इरफाना ने थाने पर तहरीर पर देते हुए बताया था कि उसका अपने पति से विवाद चल रहा है। बुधवार को बच्चों की साथ शादी में शामिल होने के लिए आई थी। पति भी मौके पर पहुंच गया था। जहां दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोपी ने महिला पर गोली चला दी थी। सीओ दौराला प्रकाशचंद्र अग्रवाल का कहना है कि आरोपी के पास से तमंचा व कारतूस बरामद किए गए हैं।
लघुशंका करने गए युवक की बाइक ले गए
लोहियानगर थाना क्षेत्र के नरहाडा गांव निवासी राजेंद्र ने थाने पर तहरीर देते हुए बताया था कि उसका भतीजा धर्मेंद्र बुधवार किसी काम से बाजार गया था। वापस लौटते वक्त वह लघुशंका करने के लिए रास्ते में उतर गया था। कुछ देर बाद वह वापस आया तो देखा की बाइक गुम है। जिसके बाद पीड़ित ने परिजनों को फोन कर मामले की जानकारी दी। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने आसपास के क्षेत्र में बाइक की तलाश की। लेकिन बाइक की जानकारी नहीं हो सकी। परिजनों ने थाने पहुंचकर बाइक चोरी की तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर दिया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि चोरों की तलाश के लिए एक टीम लगा दी गई है।
एलईडी टीवी के स्टैंड को लेकर मारपीट
ब्रह्मपुरी क्षेत्र के माधवपुरम में एलईडी टीवी के स्टैंड को लेकर दुकानदार और ग्राहक में मारपीट हो गई। घटना में दुकानदार की मां और ग्राहक की बेटी भी घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। माधवपुरम में सुमित की इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की दुकान है। माधवपुरम के ही मंगल नाम के व्यक्ति ने उससे एलईडी टीवी खरीदा था।
मंगल का आरोप है कि घर जाकर टीवी का बॉक्स खोला तो उसमें स्टैंड नहीं मिला। वह बेटी मानसी के साथ सुमित की दुकान पर पहुंचा। यहां स्टैंड को लेकर दोनों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इसमें सुमित और मंगल के अलावा बीच-बचाव कराने में सुमित की मां लक्ष्मी और मंगल की बेटी मानसी भी घायल हो गए।
पागल सांड को रेस्क्यू कराकर निगम को दिया
गंगानगर के रक्षापुरम में कई दिनों से पागल हो चुके सांड से लोग दहशत में थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक सांड टक्कर मारकर कई लोगों को घायल कर चुका है। परेशान लोगों ने नगर निगम से शिकायत की। सांड को पकड़ने की कोशिश की तो वह खेत में भाग गया। बुधवार को अम्हेड़ा निवासी पशुप्रेमी कुंवरपाल व उनके अन्य साथियों ने सांड को घेरकर कॉलोनी के दरवाजे बंद करा दिए। काफी मशक्कत के बाद सांड को पकड़ लिया गया। सूचना पर पहुंची नगर निगम की टीम वाहन की मदद से सांड को लेकर चली गई।
जिम का सामान बनाने वाली फैक्टरी में लाखों की चोरी
टीपीनगर थाना क्षेत्र में जिम का सामान बनाने वाली एक फैक्टरी से लगभग दो लाखों रुपये की कीमत का सामान चोरी हो गया। पीड़ित ने तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच में लग गई है।
मलियाना चौकी क्षेत्र के विकास नगर निवासी सतीश कुमार ने गुरुवार को थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि उसकी शिवपुरम में जिम का सामान बनाने वाली फैक्टरी है। बुधवार रात वह फैक्टरी का ताला लगाकर घर चले गए थे। जिसमें लगभग दो लाख रुपये कीमत का सामान था। पीड़ित ने थाने पर तहरीर दी। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि मामले की जांच के लिए एक टीम लगा दी गई है। चोरों को पकड़ लिया जाएगा।
युवक की गर्दन रेतकर हत्या की कोशिश
शहर में गुरुवार शाम छह बजे लोहियानगर थाना क्षेत्र में एक युवक की गर्दन छुरी से रेतकर हत्या की कोशिश की गई। घायल युवक जान बचाकर भागा और नूरनगर रेलवे हाल्ट के पास अचेत होकर गिर गया। यह स्थान ब्रहमपुरी और लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की सीमा था। घटना को लेकर तीनों थानों की पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। घायल वहीं पड़ा तड़पता रहा, मगर पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। लोगों ने उसे उठाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे नाजुक अवस्था में मेरठ मेडिकल में रेफर कर दिया गया।
घायल युवक को मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान कुछ होश आया, मगर गर्दन कटी होने के कारण वह बोलने की स्थिति में नहीं था। ऐसे में उसने कागज पर केवल इतना लिखा कि मेरा नाम आरिफ है, मोईन ने हत्या करने के लिए गर्दन पर छुरी मारी।
घायल का वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुए तो पुलिस अधिकारियों ने इसका संज्ञान लिया। तब जाकर पुलिस सक्रिय हुई। ब्रहमपुरी थाना पुलिस ने मौके पर जाकर लोगों से जानकारी ली। साथ ही मेरठ मेडिकल कॉलेज में जाकर घायल को हाल जाना। पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुटी है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी है।