नए साल के दूसरे दिन मंगलवार को भी ठंड के तेवर कड़े रहे। शीतलहर के चलते कंपकंपी बनी रही। दोपहर में निकली धूप ने थोड़ी राहत दी, लेकिन शाम होते ही ठंड ने लोगों को जल्दी घर में दुबकने को मजबूर कर दिया। बुधवार को सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले पांच दिनों तक ऐसे ही हालात रहेंगे। सुबह के समय कोहरा छाने के भी आसार हैं।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 16.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ यूपी शाही का कहना है कि अभी चार पांच दिन तक मौसम ऐसे ही ठंडा बना रहेगा। मौसम में नमी बनी हुई है और सुबह के समय ओस की बूंदें पड़ रही हैं। मंगलवार को मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स 184 दर्ज किया गया।
कक्षा आठ तक के सभी स्कूल छह जनवरी तक बंद
सर्दी और कोहरे को देखते हुए मंगलवार को मेरठ जिले के यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई, मदरसा और संस्कृत बोर्ड के सभी विद्यालयों में नर्सरी से आठवीं तक की कक्षाएं 6 जनवरी तक बंद रहेंगी। कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाएं सुबह 9:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित की जाएंगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि इस संबंध में जिलाधिकारी की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं। जिसमें कहा गया है कि सभी बोर्ड के स्कूलों को आदेशों का कड़ाई से अनुपालन करना होगा। इस दौरान यदि कोई स्कूल खुला हुआ पाया जाता है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।