सामान्य से नीचे बना हुआ तापमान
बीते कई दिनों से न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। घना कोहरा और शीतलहर के चलते दृश्यता काफी कम हो गई है। ठंडी हवाओं के कारण लोग घरों में कैद रहने को मजबूर हैं, वहीं सड़कों पर भी आवाजाही कम नजर आ रही है।
बच्चों और बुजुर्गों पर ज्यादा असर
सुबह के समय सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों को उठानी पड़ रही है। ठंड के कारण स्कूल जाने वाले बच्चे और दफ्तर जाने वाले कर्मचारी खासा परेशान दिखाई दे रहे हैं।
प्रदूषण ने बढ़ाई चिंता
ठंड के साथ बढ़ते वायु प्रदूषण ने हालात और गंभीर कर दिए हैं। हवा में धुंध और धुएं की मिलावट से सांस के मरीजों, बुजुर्गों और बच्चों की सेहत पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
मौसम वैज्ञानिकों की चेतावनी
मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक शीतलहर का असर बना रह सकता है। रात और सुबह के समय ठंड और ज्यादा तेज महसूस की जाएगी। फिलहाल तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
सतर्क रहने की अपील
प्रशासन की ओर से लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। जरूरत न होने पर देर रात और सुबह के समय बाहर निकलने से बचने, गर्म कपड़े पहनने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।