10:27 AM, 04-Jan-2024
West UP News Live: सरधना में दो पक्षों में संघर्ष, हाईवे पर चलती कार में लगी आग, BJP नेता रमेश ढींगरा का निधन
मेरठ नगर निगम की बोर्ड बैठक के दौरान हुए बवाल के मामले में नगर आयुक्त ने जांच से हाथ खडे़ कर दिए। नगरा आयुक्त डॉ अमित पाल शर्मा ने इस संबंध में महापौर को पत्र भेज दिया है। महापौर का कहना है कि वो अब खुद जांच समिति गठित कर जांच कराएंगे।
पांच दिनों से नगर निगम के बवाल की जांच का सभी को इंतजार था, मगर बुधवार को नगर निगम ने इसकी जांच करने से इंकार कर दिया। शनिवार को नगर निगम की बोर्ड बैठक में पार्षदों और भाजपाईयों में मारपीट की घटना हुई थी।
राज्यमंत्री और एमएलसी पर मारपीट का आरोप है। इसकी वीडियो भी वायरल हुई। महापौर ने इसकी जांच के निर्देश नगरायुक्त को दिए थे। नगरायुक्त को दो दिन में जांच रिपोर्ट देने को कहा गया था। सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर लगी थीं, मगर जांच हुई ही नहीं।
बुधवार देर शाम को नगरायुक्त डॉ.अमित पाल शर्मा ने महापौर को भेजे पत्र में नगर निगम अधिनियम का हवाला देते हुए बताया कि सदन में हुई किसी भी घटना की जांच कराने का अधिकार सभापति यानि महापौर को है। इसलिए नगर निगम इस मामले की जांच नहीं करा सकता। उधर, महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने बताया कि नगर आयुक्त का पत्र मिला है। अब वो बृहस्पतिवार को इस मामले की जांच के लिए पांच पार्षदों और दो अधिकारियों की जांच समिति गठित करेंगे।