फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वेस्ट यूपी से खास खबरें: तीन सीटों पर कांग्रेस का दावा, खुले नाले में डूबकर बच्चे की मौत

Tue, 17 Nov 2026 05:04 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

सार

वेस्ट यूपी की प्रमुख खबरों में मेरठ की तीन विधानसभा सीटों पर कांग्रेस का दावा, शामली में युवक का शव मिलने, बिजनौर में खुले नाले में बच्चे की मौत और बागपत में सड़क हादसे की खबरें शामिल हैं।
विज्ञापन
वेस्ट यूपी से खास खबरें, मेरठ न्यूज बुलेटिन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

1. सियासत: मेरठ की तीन विधानसभा सीटों पर कांग्रेस का दावा, सपा के टिकट दावेदारों की बढ़ीं धड़कनें

विज्ञापन

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर इंडिया गठबंधन में सीटों के बंटवारे की चर्चाओं के बीच मेरठ की तीन विधानसभा सीटों पर सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस पार्टी के दावे वाली 181 सीटों की सूची में सिवालखास, मेरठ दक्षिण और हस्तिनापुर सीट भी शामिल बताई गई हैं। इन सीटों पर कांग्रेस के दावे के बाद समाजवादी पार्टी के टिकट के दावेदारों की नजरें गठबंधन के फैसले पर टिक गई हैं।

2022 के विधानसभा चुनाव में सिवालखास सीट सपा-रालोद गठबंधन के खाते में थी और यहां रालोद प्रत्याशी ने जीत दर्ज की थी। वहीं, मेरठ दक्षिण और हस्तिनापुर सीटों पर सपा प्रत्याशियों ने भाजपा को कड़ी टक्कर दी थी।
विज्ञापन


सीटों को लेकर दावेदारी के बीच कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव भाटी और सपा प्रवक्ता विजय राठी का कहना है कि टिकटों पर फैसला दोनों पार्टियों के हाईकमान को करना है। जिस भी प्रत्याशी को टिकट मिलेगा, दोनों दलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उसे मजबूती से चुनाव लड़वाएंगे। उन्होंने इस बार उत्तर प्रदेश में सपा-कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनने का दावा भी किया।

2. मौसम: तेज हवा और धूप से प्रदूषण में राहत, मेरठ का AQI 182 पर पहुंचा
तेज हवा और खिली धूप के चलते शहर में प्रदूषण के स्तर में कुछ राहत मिली है। मंगलवार को मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 182 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में रहा। वहीं बागपत का एक्यूआई 212, गाजियाबाद का 183 और मुजफ्फरनगर का 203 दर्ज किया गया।

पिछले दो दिनों से हवा चलने के कारण वातावरण में जमा प्रदूषित कणों का असर कुछ कम हुआ है। हालांकि आसपास के जिलों में एक्यूआई का स्तर अब भी 200 के पार बना हुआ है।

मौसम में भी बदलाव दिखाई देने लगा है। दिन में तेज धूप निकलने से मौसम सामान्य बना हुआ है, जबकि रात के तापमान में गिरावट के कारण ठंड का असर बढ़ रहा है। सुबह और देर शाम हल्की ठंड महसूस की जा रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव के साथ ठंड का असर और बढ़ सकता है।

3. शामली: जंगल में पेड़ पर लटका मिला 19 वर्षीय युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
भनेड़ा उद्दा गांव के जंगल में मंगलवार सुबह 19 वर्षीय युवक का शव पेड़ पर लटका मिला। मृतक की पहचान गांव निवासी निखिल के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना से गांव में हलचल मच गई।

सूचना मिलने पर सीओ शिव कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

4. बिजनौर: खुले नाले में डूबकर दो साल के बच्चे की मौत, परिजनों ने मांगा मुआवजा
धामपुर थाना क्षेत्र के जोगीपुरा गांव में खुले नाले में गिरने से दो वर्षीय शिवांश उर्फ किट्टू की मौत हो गई। सोमवार देर रात हुई घटना से परिवार में कोहराम मच गया। घर के बाहर खेलते समय बालक अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने तलाश शुरू की तो घर के पास बने खुले नाले में उसका शव मिला।

बताया गया कि नाले का निर्माण करीब छह महीने पहले हुआ था, लेकिन उसे ढका नहीं गया था। परिजनों और ग्रामीणों ने नाले को खुला छोड़ने पर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों ने सरकार से 10 लाख रुपये मुआवजा दिलाने और घटना की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई करने की मांग की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

5. मेरठ: सठला गांव में युवक की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला, मेडिकल कॉलेज रेफर
मवाना क्षेत्र के ग्राम सठला में एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम सठला निवासी इमदाद पुत्र रफीउल्ला दो दिन पहले ही दिल्ली के जामिया नगर से अपने पैतृक गांव आया था। इसी दौरान किसी अज्ञात हमलावर ने पीछे से उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से वार कर दिया। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमले के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

6. बागपत: मिट्टी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टेंपो और कार में मारी टक्कर, छह घायल
दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर क्रिस्तु ज्योति स्कूल के पास मिट्टी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने गलत दिशा में जाकर सवारियों से भरे टेंपो और एक कार में टक्कर मार दी। हादसे में दो बच्चों समेत छह लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद हाईवे पर जाम लग गया।

स्थानीय लोगों ने घायलों को वाहनों से बाहर निकाला। आरोप है कि सूचना देने के करीब 20 मिनट बाद भी एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद घायलों को ई-रिक्शा से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में टयोढ़ी निवासी सोफियान (10), अलीसा (12), उनकी ताई रुबीना और बुआ हसीना, टेंपो चालक वकील निवासी बड़ौत और विश्वनाथ निवासी अलीगढ़ घायल हुए।

7. मेरठ: हॉवर्ड प्लास्टेड ग्राउंड में कॉम्प्लेक्स निर्माण के विरोध में ईसाई समाज का प्रदर्शन
हॉवर्ड प्लास्टेड ग्राउंड में बन रहे कॉम्प्लेक्सों के विरोध में ईसाई समाज के लोगों ने नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी नगर आयुक्त के आवास पहुंचे और निर्माण कार्य पर विरोध जताया। लोगों ने इस मामले में नगर निगम के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।

8. मेरठ: बालासाहेब ठाकरे की 14वीं पुण्यतिथि पर शिवसेना यूबीटी ने दी श्रद्धांजलि
शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे की 14वीं पुण्यतिथि पर शिवसेना यूबीटी की ओर से श्रद्धांजलि सभा और विचार गोष्ठी आयोजित की गई। छीपी टैंक स्थित शिवसेना कार्यालय में हुए कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने बालासाहेब ठाकरे को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके विचारों को याद किया।
विज्ञापन


9. मेरठ: विश्व सीओपीडी दिवस पर दमा और धूम्रपान से होने वाली बीमारियों के प्रति किया जागरूक
विश्व सीओपीडी दिवस के अवसर पर आदर्श नगर स्थित डॉ. शिवराज मेमोरिया चेस्ट एवं एलर्जी सेंटर में लोगों को दमा और धूम्रपान से होने वाली बीमारियों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान डॉ. वीरोत्तम तोमर ने लोगों को श्वसन संबंधी बीमारियों और धूम्रपान से होने वाले नुकसान की जानकारी दी। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को फेफड़ों की सेहत के प्रति जागरूक करना और दमा व सीओपीडी जैसी बीमारियों के बारे में जानकारी देना रहा।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें