05:08 PM, 04-Jul-2024
संविधान का मखौल उडाने के आरोपी सांसद के भतीजे पर कार्रवाई की मांग
सहारनपुर लोक सभा सीट से सांसद इमरान मसूद के भतीजे हमजा मसूद द्वारा संविधान का मजाक उडाते हुए सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियों से लोगो में आक्रोश है। आजाद समाज पार्टी एवं भीम आर्मी कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध में कोतवाली में प्रदर्शन किया गया। इसके बाद पुलिस को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की गई।
गुरुवार सुबह टिंकू राजा, अनिल, मोहित, रवि गौतम, नितिन कुमार, श्यामलाल, तसव्वर, निशांत आदि कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे और प्रदर्शन किया। इसके बाद कोतवाली प्रभारी एचएन सिंह को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा कि सोशल मीडिया पर पूर्व चेयरमैन नोमान मसूद के पुत्र और सांसद इमरान मसूद के भतीजे सभासद हमजा मसूद का एक वीडियो वायरल हो रहा है।
उक्त वीडियों में वह संविधान की प्रति हाथ में लेकर उसका मखौल उड़ा रहा है। आरोप है कि उसने यह सब चर्चाओ में रहने के लिए किया है। इस कृत्य का सम्पूर्ण बहुजन समाज के लोग, भीम आर्मी व आजाद समाज पार्टी कड़ी निंदा करती है। ज्ञापन में मांग की गई कि आरोपी के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति भारतीय सविधान के साथ ऐसा भद्दा मजाक व गंदी नियत से भारतीय सविधान के साथ छेड़छाड़ न कर सके। पुलिस ने उन्हें जांच कर कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।