संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। पैरा एशियन गेम्स में पदक जीतकर लौटे मेरठ के खिलाड़ियों का जिला पैरा संघ के सचिव गौरव त्यागी ने हवाई अड्डे पर स्वागत किया। मेरठ के आयुष वर्मा ने प्रतियोगिता में एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीता।
प्रीति ने दो रजत पदक और अनुभव ने एक कांस्य पदक जीता। ये सभी खिलाड़ी सोमवार को दिल्ली स्थित हवाई अड्डे पर पहुंचे। यहां इनका जोरदार स्वागत किया गया। पैरा एथलीट आयुष वर्मा ने शॉटपुट में स्वर्ण और भाला फेंक में कांस्य पदक जीता है। आयुष पदक प्राप्त करने के बाद आज मेरठ पहुंचेंगे।
इसे लेकर एसोसिएशन फॉर डिसेबल्ड पीपल और पैरा खिलाड़ियों की ओर से उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। आयुष वर्मा दोपहर 12 बजे सदर थाने के पास पहुंचेंगे। यहां से उनका स्वागत जुलूस बागपत रोड होते हुए ऋषिनगर पहुंचेंगे। स्वागत समारोह में पैरा खिलाड़ी अनमोल वशिष्ठ, कोच रोबिन कुमार, प्रियांशु कुमार, धर्मेंद्र आदि मौजूद रहेंगे।