ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के बहुचर्चित सौरभ हत्याकांड पर एक वेब सीरीज बनी है जो 9 जनवरी 2026 को रिलीज होगी। वेब सीरीज का नाम है हनीमून से हत्या: व्हाई वीमेन किल आ रही है।
इस फिल्म से नीला ड्रम एक बार फिर सुर्खियों में है। इस वेब सीरीज को लेकर मेरठ के लोगों ने नाराजगी जताई है। ऑनलाइन ने इस मुद्दे पर कई लोगों से बातचीत की। वेब सीरीज का पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर हलचल मच गई है। पोस्टर में वही नीला ड्रम दिखाया गया है जिसने पूरे देश को झकझोर दिया था। ड्रम से बाहर लटकता एक हाथ और उसके साथ नजर आता सीमेंट का मलबा, सीधे उस खौफनाक सच्चाई की याद दिलाता है जिसमें मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर अपने पति सौरभ की हत्या के बाद उसकी लाश को ड्रम में भरकर सीमेंट से सील कर दिया गया था।
यह घटना 3 मार्च, 2025 की रात की है जब लंदन में नौकरी करने वाले सौरभ राजपूत की हत्या पत्नी मुस्कान रस्तोगी ने बॉयफ्रेंड साहिल शुक्ला संग मिलकर कर दी थी। हत्या के बाद दोनों पूरी रात उसी घर में लाश के साथ रहे। अगली सुबह बाजार से चाकू, सीमेंट और एक बड़ा नीला ड्रम खरीदा गया। सौरभ की लाश को टुकड़ों में काटकर ड्रम में डालकर ऊपर से सीमेंट का घोल भर दिया गया। 4 मार्च को शिवा ट्रैवल्स से कैब बुक कर हिमाचल प्रदेश घूमने के लिए चले गए थे। 18 दिसंबर को मेरठ पहुंचने पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया था। मुस्कान और साहिल जेल में हैं।