मेरठ। आरजी पीजी कॉलेज के कंप्यूटर साइंस विभाग में शुक्रवार को चार दिवसीय बिल्डिंग कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम श्वेता मित्तल और अदिति भारद्वाज द्वारा संचालित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में वेब डिजाइनिंग में तकनीकी दक्षता और रचनात्मकता विकसित करने के लिए प्रेरित करना रहा।
प्रतिभागियों ने लाइव प्रदर्शनों के जरिए एचटीएमएल, सीएसएस, यूआई व यूएक्स आदि डिजाइन सिखाया। कॉलेज के संगीत विभाग में मिशन शक्ति के अंतर्गत गीत सरिता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का विषय नारी सशक्तिकरण रहा। प्राचार्य प्रो. निवेदिता मलिक ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि सशक्त नारी ही समाज के निर्माण में सहायक होती है। छात्राओं को भविष्य में समाज की उन्नति में अपना योगदान देना है। छात्र कल्याण परिषद की डीन अनु रस्तोगी ने कहा कि अगर बेटियां सशक्त होंगी तो देश भी सशक्त होगा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. स्वाति शर्मा ने किया। कार्यक्रम में टीजा, मुस्कान, रियाशी, शालिनी, वर्षा, स्नेहा, अवनि, प्रिया, आन्या, कशिश और शुमायला आदि ने प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में संगीत विभाग से हेमंत शुक्ला, डॉ. सुमन सिंह, निशा शर्मा, डॉ. अनुभूति, रूकैय्या, कविता शर्मा, सिम्मी सैनी और तनुषी का सहयोग रहा।
साथ ही कॉलेज के टीचर्स रिस्किलिंग सेल एवं यूजीसी-मालवीय मिशन टीचर ट्रेनिंग सेंटर के तत्वाधान में ई-कंटेंट डेवलपमेंट, एमओओसीएस और आउटकम बेस्ड एजुकेशन विषय पर ऑनलाइन रिफ्रेशर कोर्स का आयोजन किया गया। सत्र का संचालन टीचर्स रिस्किलिंग सेल की इंचार्ज डॉ. गरिमा मलिक ने किया। कार्यक्रम में प्रो. वेद प्रकाश ने उच्च शिक्षा में वैश्विक रुझान विषय पर अपने विचार रखे। वहीं मुख्य वक्तव्य प्रो. एके बख्शी ने भारत में उच्च शिक्षा में डिजिटल परिवर्तन, ई-सामग्री विकास और एमओओसीएस पर विशेष ध्यान विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के दूसरे सत्र में डॉ. अरुण जुल्का ने प्रेजेंटेशन टूल्स पर शिक्षण एवं प्रस्तुतीकरण से संबंधित नवीन डिजिटल उपकरणों की जानकारी दी।