मेरठ के कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही के अनुसार मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण देखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नमी बढ़ने और बादलों की सक्रियता के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। इससे दिन और रात के तापमान के बीच का अंतर भी कम हो जाएगा और लोगों को ठंडक का एहसास होगा।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी मौसम का यही मिजाज बने रहने की संभावना है। बीच-बीच में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि आसमान में बादल छाए रहेंगे।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस दौरान अधिकतम तापमान में करीब 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे गर्मी से राहत बनी रहेगी।
मौसम में आए इस बदलाव का असर जनजीवन पर भी साफ दिखाई दिया। सुबह के समय लोग घरों से बाहर निकलकर सुहावने मौसम का आनंद लेते नजर आए, वहीं कई लोगों ने इसे गर्मी से राहत देने वाला मौसम बताया।