मोदीपुरम। दिन का तापमान बृहस्पतिवार को स्थिर बना रहा। रात के तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम में सुबह-शाम की ठंड का अहसास होने लगा है, परंतु, दोपहर में तेज धूप गर्मी का अहसास दिला रही है।
अक्तूबर आधा बीतने को है और दिन का तापमान अभी भी 30 के पार बना हुआ है। रात के तापमान में गिरावट का दौर बना हुआ है। बृहस्पतिवार को रात के तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। सीजन में पहली बार रात का पारा गिरकर 18 डिग्री के पास पहुंच गया। दिन का तापमान दूसरे दिन भी स्थिर रहा। सुबह से निकली तेज धूप के चलते दोपहर के समय में हल्की गर्मी का अहसास रहा। मौसम विशेषज्ञ डॉ. यूपी शाही का कहना है कि दिन का तापमान में अधिकतम अभी 31 डिग्री तक बना रहेगा। सुबह-शाम का मौसम बदलने लगा है। रात का तापमान गिर रहा है। मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक्यूआई स्तर भी धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। मेरठ शहर का एक्यूआई स्तर बारिश के बाद बृहस्पतिवार को बढ़कर 114 के स्तर पर पहुंच गया। संवाद