उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में सोमवार देर रात मौसम का मिजाज बदल गया। रात साढ़े दस बजे आंधी चलने के साथ ही बरसात शुरू हो गई। आसमान में बिजली की गड़गड़ाहट हुई। आंधी की वजह से महानगर सहित जिले के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई।
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। सोमवार को सुबह से ही आसमान पर बादल छाए रहे। वहीं शाम होते ही तेज आंधी शुरू हो गई। देर रात जिले के कई इलाकों में तेज बारिश हुई तो देहात क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई। बारिश के कारण जहां छतों पर सोने वालों लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा वहीं सड़कों पर गुजरने वाले वाहनों को भी परेशानी हुई।
उधर तेज आंधी और बारिश के कारण जिले में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। जिससे काॅलोनियों में घना अंधेरा छा गया। वहीं, मौसम वैज्ञानिकों को कहना है कि आज भी मौसम ऐसा ही बना रहेगा। तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार हैं।