शुक्रवार से ही जारी बादलों की आंख-मिचौली ने लोगों को उमस भरी गर्मी का एहसास कराना शुरू कर दिया था। शनिवार सुबह इससे राहत मिली। आसमान में छाए काले बादलों से दिन में ही अंधेरा छा गया। हाइवे पर वाहनों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। जिससे शहर वासियों ने उमस भरी गर्मी से राहत महसूस की।
सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने बताया कि अभी मौसम का मिजाज बदला रहेगा। अगले चार दिन बारिश के आसार है। 25 से लेकर 28 जून तक बारिश की संभावना है। 26 से लेकर 28 जून तक अच्छी बारिश होने की संभावना है।
प्रदूषण भी घटा
बारिश होने से शहर के एयर क्वालिटी इंडेक्स में भी गिरावट दर्ज की गई। शनिवार को शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स 88 दर्ज किया गया। जयभीमनगर में 88, गंगानगर में 86 व पल्लवपुरम में 90 एयर क्वालिटी इंडेक्स दर्ज किया गया।