मानसून की बारिश ने पश्चिमी यूपी में लोगों को गर्मी से राहत दी है वहीं किसानों के चेहरे भी खिले हुए हैं। सोमवार को जहां कई जिलों में अच्छी बारिश हुई, वहीं मंगलवार को भी सुबह से ही आसमान पर बादल छाए हुए हैं। वेस्ट यूपी के अधिकतर जिलों में मौसम खुशनुमा दिखाई पड़ रहा है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अगले 48 घंटे तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। वेस्ट यूपी में अच्छी बारिश होने के आसार हैं।
अच्छी बारिश होने के बाद किसानों के चेहरों पर रौनक लौट आई है। दरअसल, मानसून की बारिश कृषि के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में गन्ना धान और अन्य फसलों को लाभ मिलेगा।
मौसम ने रविवार से ही करवट बदल ली थी, सुबह से लेकर शाम तक आसमान पर बादल छाए रहे और हल्की बारिश की फुहारों के बीच मौसम ने गर्मी से थोड़ी राहत दी। देर रात तक मौसम में और भी बदलाव देखने को मिला, जिसके बाद हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। वहीं सोमवार सुबह से ही झमाझम बारिश शुरू हो गई।
मंगलवार को भी सुबह से ही बादल छाए रहे। हाईवे पर चलने वाले दुपहिया वाहनों को भी लाइट जलाकर निकलना पड़ रहा था। वहीं ठंडी हवाएं चलने से मौसम और भी ठंडा हो गया।
कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि अभी अगले दो दिन तक बारिश का असर बना रहेगा। मेरठ समेत वेस्ट यूपी में मानसून की अच्छी बारिश से लोगों को राहत मिलेगी। यह बारिश फसलों के लिए भी लाभकारी होगी।