लंबे समय से इंतजार कर रहे मेरठवासियों के लिए एक खुशखबरी हैं। सीएम योगी ने क्रांतिधरा के बारे में सोचा और मेरठ वालों को एक नहीं दो तोहफे दिये हैं।
स्मार्ट सिटी की परीक्षा में तीन बार फेल होने वाला मेरठ चौथी परीक्षा में पास हो जायेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ सहित प्रदेश के पांच शहरों के लिए इस बात का वादा किया। मेरठ में मेट्रो परियोजना की भी संस्तुति करने की बात योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में प्रदेश सरकार के 100 दिन का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करने के दौरान कही। मुख्यमंत्री की इन दो बड़े मुद्दों पर घोषणा को मेरठ वासियों ने सराहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अपने 100 दिन के कार्यकाल की रिपोर्ट प्रस्तुत करते समय मेरठ को स्मार्ट सिटी बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मेरठ की जनता को स्मार्ट सिटी का तोहफा दिया जाएगा। जिससे यह साफ हो गया है कि अब मेरठ को रायबरेली के साथ दौड़ लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इतना जरूर है कि नए सिरे से तैयार किए जाने वाले स्मार्ट सिटी प्रपोजल नगर निगम प्रशासन को मजबूती से तैयार करना होगा। अगले माह से नए प्रपोजल पर कार्य शुरू होने की उम्मीद है। क्योंकि इसी वर्ष भारत सरकार बाकी बचे स्मार्ट शहरों की सूची जारी करेगी।