- डेयरियों को हटाने के लिए संचालकों को दिया नोटिस
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। ईकड़ी रोड पर जलभराव और आबादी के बीच संचालित डेयरियों से गंदगी फैलने की शिकायत की जांच में जलभराव की समस्या खत्म होने की पुष्टि हुई है। वहीं, डेयरी संचालकों को हटाने के लिए ग्राम पंचायत की ओर से नोटिस जारी किए गए हैं।
मोहल्ला धर्मपुरी निवासी जोगिंद्र ने उपमुख्यमंत्री को भेजी शिकायत में बताया था कि ईकड़ी रोड कांवड़ मार्ग है। हरिद्वार से जल लेकर श्रद्धालु इसी मार्ग से पुरा महादेव मंदिर जाते हैं। शिकायत में आरोप लगाया था कि धर्मपुरी निवासी लोगों ने आबादी के बीच डेयरियां बना रखी हैं। डेयरियों का गंदा पानी और गोबर आम कांवड़ मार्ग पर फैलने से रास्ते पर गंदगी रहती है। इससे मच्छर-मक्खियों का प्रकोप बढ़ने और बीमारी फैलने का खतरा बताया गया था। शिकायतकर्ता ने डेयरियों को आबादी से हटवाने की मांग की थी।
एसडीएम के निर्देश पर खंड विकास अधिकारी ने जांच कराई। स्थलीय निरीक्षण में ईकड़ी रोड पर जलभराव की समस्या नहीं मिली। जांच के अनुसार, पहले नाले और सीसी सड़क का निर्माण कार्य चलने के दौरान पानी रोकना पड़ा था, जिससे जलभराव हुआ था। अब नाले और सड़क का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इसके बाद रास्ते पर जलभराव की समस्या समाप्त हो गई है।
ग्राम पंचायत सचिव के माध्यम से दोनों डेयरी संचालकों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। साथ ही संबंधित सक्षम अधिकारी से डेयरियां हटवाने के लिए अनुरोध किया है।
बीडीओ सुनीत कुमार ने बताया कि जलभराव की समस्या समाप्त हो गई है। जबकि डेयरी संचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं।