27 सितंबर तक कर सकेंगे पंजीकरण और कॉलेजों के विकल्प लॉक, 28 को सीट आवंटन
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने एमएड पाठ्यक्रम सत्र 2026-28 में प्रवेश के लिए दूसरी ऑनलाइन काउंसिलिंग का कार्यक्रम जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध अनुदानित व स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों एवं संस्थानों में प्रवेश के लिए अर्ह पंजीकृत अभ्यर्थी 24 से 27 सितंबर तक काउंसिलिंग प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। सीट आवंटन 28 सितंबर को किया जाएगा।
विश्वविद्यालय की एमएड प्रवेश परीक्षा में शामिल हुए और पोर्टल पर अपलोड किए गए दस्तावेजों का ऑनलाइन सत्यापन करा चुके सभी अर्ह पंजीकृत अभ्यर्थी काउंसिलिंग में हिस्सा ले सकेंगे। विश्वविद्यालय के पोर्टल पर 700 रुपये काउंसिलिंग शुल्क जमा कर पंजीकरण कराना होगा। यह शुल्क वापस नहीं किया जाएगा। पंजीकरण के बाद अभ्यर्थी अधिकतम 10 महाविद्यालयों या संस्थानों के विकल्प अपनी प्राथमिकता के अनुसार भरकर लॉक कर सकेंगे। विश्वविद्यालय सीटों की उपलब्धता, प्रवेश सूचकांक, विकल्पों की प्राथमिकता और आरक्षण के आधार पर 28 सितंबर को सीट आवंटन परिणाम जारी करेगा। सीट आवंटित होने के बाद अभ्यर्थी अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर संबंधित महाविद्यालय या संस्थान में निर्धारित प्रक्रिया पूरी करते हुए प्रवेश की पुष्टि कराएंगे। महाविद्यालयों और संस्थानों को 30 सितंबर तक दस्तावेजों और अर्हता का सत्यापन कर पोर्टल पर प्रवेश की पुष्टि करनी होगी।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि सीट आवंटन और प्रवेश की पुष्टि के बाद किसी भी स्थिति में स्थानांतरण का अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा। आवंटित सीट पर प्रवेश नहीं लेने वाले अभ्यर्थियों को आगामी खुली ऑनलाइन काउंसिलिंग में ही मौका दिया जाएगा।