- गड्ढों में गिरकर हादसों का शिकार हो रहे राहगीर
संवाद न्यूज एजेंसी
सरूरपुर। सरधना-बिनौली मार्ग पर गांव मैनापूठी के सामने सड़क पर लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। बिना बारिश के भी सड़क पर पानी भरा रहने से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पीडब्ल्यूडी की ओर से पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं किए जाने के कारण समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। सड़क पर बने गड्ढे पानी में छिप जाते हैं। इससे आए दिन दोपहिया वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं। हालांकि कई बार ग्राम पंचायत द्वारा अस्थायी तौर पर समाधान किया गया लेकिन पानी की निकासी नहीं होने पर लगातार सड़क पर जलभराव हो रहा है।
सोमवार को बड़ौत निवासी प्रदीप मुजफ्फरनगर से अपने घर लौट रहे थे। वह मैनापूठी के पास पहुंचे तो सड़क पर भरे पानी के कारण उन्हें गड्ढा दिखाई नहीं दिया और उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। गनीमत रही कि उन्हें गंभीर चोट नहीं आई। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें उठाया।
ग्रामीण राजपाल सिंह, यासीन, परेवज, महताब, संजय, अंकित ने बताया कि सड़क पर जलभराव की समस्या कोई नई नहीं है। कई महीनों से पानी जमा रहने के कारण सड़क भी जगह-जगह से टूट चुकी है। जलभराव के कारण वाहन चालकों को गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता। इससे हादसों का खतरा बना रहता है। यह मार्ग मेरठ व बागपत को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है। इसे बड़ी संख्या में राहगीर सरधना, बिनौली, हर्रा, खिवाई, बड़ौत व बागपत जाने के लिए इस्तेमाल करते हैं।
ग्राम विकास अधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि पानी निकासी के लिए कर्मचारी भेजकर अस्थायी तौर पर निकासी कराई जा रही है। पीडब्ल्यूडी को भी अवगत करा दिया गया है। जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।