दौराला - सर्विस रोड पर जलभराव की समस्या के संबंध में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते भारतीय किसान य
- भाकियू क्रांति के पदाधिकारियों ने डीएम को ज्ञापन देकर समाधान की मांग की
- दस दिन में कार्रवाई नहीं होने पर धरने की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। नेशनल हाईवे-58 मेरठ-रुड़की मार्ग पर दौराला फ्लाईओवर की सर्विस रोड पर जलभराव और सिवाया टोल प्लाजा पर शुल्क वसूली का आरोप लगाते हुए भारतीय किसान यूनियन क्रांति के पदाधिकारियों ने डीएम को ज्ञापन दिया। संगठन के मेरठ जिलाध्यक्ष रोहित अहलावत ने ज्ञापन में समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की है।
ज्ञापन में बताया कि दौराला फ्लाईओवर की सर्विस रोड पर धर्मकांटे, जेपी कॉलोनी से तिरंगा चौक, वार्ड नंबर सात, साईंपुरी और दौराला तक नाला पूर्ण नहीं होने तथा नाले की सफाई नहीं होने के कारण हमेशा जलभराव रहता है। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों, राहगीरों और स्कूल जाने वाले बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संगठन का आरोप है कि इस संबंध में वेस्टर्न टोल प्लाजा सिवाया, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और परियोजना क्रियान्वयन इकाई-मेरठ को कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
ज्ञापन में सिवाया टोल प्लाजा पर शुल्क वसूली को भी अवैध बताया है। कहा गया कि टोल शुल्क वसूली की समयावधि समाप्त हो चुकी है, इसके बावजूद शुल्क लिया जा रहा है। जिलाध्यक्ष ने समस्याओं का दस दिन में समाधान कराने की मांग की। चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर वार्ड नंबर सात, साईंपुरी, दौराला और क्षेत्र के राहगीरों के साथ अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।