सरधना। क्षेत्र के गांव मेहरमती मीणा में जलभराव की समस्या से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव की गलियों में पिछले करीब दो सप्ताह से गंदा पानी जमा है, जिससे आवागमन बाधित हो गया है। स्थिति यह है कि लोगों को घरों से निकलने में भी दिक्कत हो रही है, जबकि स्कूली बच्चों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीण रामकुमार ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। उन्होंने बताया कि पहले गांव का पानी एक खेत के रास्ते बाहर निकलता था, लेकिन संबंधित किसान द्वारा निकासी बंद करने के कारण पानी रास्ते पर ही भर रहा है। जलभराव के कारण इलाके में दुर्गंध फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
खंड विकास अधिकारी सुनीत भाटी ने बताया कि शनिवार को गांव में टीम भेजकर स्थिति की जांच कराई जाएगी। साथ ही पंचायत सचिव को जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।