रोहटा। क्षेत्र के गांव मिर्जापुर निवासी किक बॉक्सिंग की महिला खिलाड़ी दीपांशी ने प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर पांचवीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर गांव में जोरदार स्वागत किया गया।
दीपांशी ने बताया कि 26 से 29 मार्च तक चेन्नई स्थित विनायक मिशन रिसर्च फाउंडेशन विश्वविद्यालय में खेलो इंडिया महिला राष्ट्रीय किक बॉक्सिंग लीग प्रतियोगिता का आयोजन वाको इंडिया किक बॉक्सिंग फेडरेशन के तत्वावधान में किया गया। प्रतियोगिता में देशभर के 28 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 800 से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश से 43 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
रोहटा क्षेत्र के मिर्जापुर गांव की निवासी दीपांशी ने सब-जूनियर वर्ग के 47 किलोग्राम भार वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया स्तर पर पांचवीं रैंक हासिल की। उनकी इस सफलता से न केवल गांव, बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम को कुल मिलाकर चौथा स्थान प्राप्त हुआ। वहीं मेजबान टीम तमिलनाडु पहले, महाराष्ट्र दूसरे और हरियाणा तीसरे स्थान पर रहा। गांव पहुंचने पर दीपांशी का ग्रामीणों ने फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया। पिता नितिन गुर्जर और माता डिंपल ने बेटी की सफलता का श्रेय उसकी कड़ी मेहनत और अनुशासन को दिया। इस मौके पर सत्यपाल, वीरेंद्र, सुखबीर गुर्जर, अरुण कुमार, इसरार अली, सचिन सहित ग्रामीण मौजूद रहे।