शाम के समय हुई बारिश से मुख्य मार्ग पर थाने के पास गुजरते वाहन। (मवाना)
मवाना। मंगलवार को दोपहर बाद हुई आधे घंटे की अच्छी बारिश से नगर में मुख्य मार्ग सहित कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। वहीं देर शाम फिर हुई हल्की बूंदाबांदी से मौसम खुशगवार हो गया।
कई दिन से उमस भरी गर्मी के चलते लोगों का जीना दुश्वार हो रहा था। मंगलवार की शाम 3:00 बजे के आसपास अचानक मौसम ने करवट बदली और लगभग आधे घंटे तक अच्छी बारिश हुई। इससे नगर के सुभाष चौक, चौहान चौक आदि सहित मोहल्ला हीरालाल, तेलियो वाला कुआं आदि स्थानों पर जलभराव हो गया। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। आधा घंटे के बाद बारिश रुकी तो लोगों ने राहत महसूस की।
वहीं, दो घंटे बाद शाम 5:30 बजे के बाद फिर से दोबारा बूंदाबांदी होने लगी। जो लगभग एक घंटा तक हुई। इससे कई मोहल्लों में जलभराव पुन: हो गया। बारिश रुकने के बाद मौसम में बदलाव आया और लोगों को उमस भरी गर्मी से निजात मिली। वहीं बारिश से खेतों में खड़ी गन्ने की फसल को लाभ पहुंचेगा।
शाम के समय हुई बारिश से मुख्य मार्ग पर थाने के पास गुजरते वाहन। (मवाना)